हालांकि आरसीबी के खिलाफ सूर्यकुमार की ये पारी कुछ अलग थी, जिसका इशारा उन्होंने मैच खत्म करे के बाद किया। दरअसल घरेलू मैचों से लेकर आईपीएल में लगातार बढ़िया प्रदर्शन करने के बावजूद 30 वर्षीय सूर्यकुमार को राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिल पाई है। इसे लेकर सूर्यकुमार ने तो कोई भी टिप्पणी नहीं की लेकिन हरभजन समेत कई पूर्व खिलाड़ियों ने इस पर चयनकर्ताओं के रवैये पर सवाल किया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में नहीं चुने जाने पर सूर्यकुमार ने जुबान से तो कुछ नहीं कहा लेकिन बल्ले से जमकर जवाब दिया। उनका ये जवाब इतना तीखा था कि टीम इंडिया और आरसीबी के कप्तान विराट कोहली भी बेचैन हो गए और उनसे उलझने की कोशिश करते दिखे। विराट ने इशारों में उनके साथ स्लेजिंग करने की कोशिश की, लेकिन सूर्यकुमार के धैर्य और एकाग्रता को भंग नहीं कर पाए। हालांकि सूर्यकुमार ने मुंबई को मैच जिताने के बाद हेलमेट निकालकर डगआउट की तरफ देखते हुए इशारों में कहा, 'मैं हूं ना'। उनके इस इशारे से ऐसा लगा कि उन्होंने चयनकर्ताओं समेत कई लोगों को अपनी खामोशी से जवाब दिया।
सूर्यकुमार की इस शानदार आतिशी पारी ने जहां विराट को बेचैन किया वहीं टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री को नमस्कार करने पर मजबूर कर दिया। मैच के बाद शास्त्री ने ट्वीट कर लिखा, 'सूर्य नमस्कार, मजबूत रहो और धैर्य रखो'।
वहीं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी सूर्यकुमार की तारीफ़ करते हुए चयनकर्ताओं पर तंज कसा। भज्जी ने लिखा, 'फिर से शानदार पारी सूर्यकुमार, उम्मीद है चयनकर्ता उसे खेलता देख रहे होंगे।'
इनके अलावा मुंबई के अस्थाई कप्तान कीरोन पोलार्ड ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ करते हुए कहा, ‘हालात जो भी हो, उसने बार बार अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम में नहीं चुने जाने से वह काफी दुखी होगा लेकिन मुझे लगता है कि वह चयन के काफी करीब है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं चीजों को बाहर से ही देख रहा हूं। उसने हमारी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और वह लगातार अपने बल्ले से ही जवाब दे सकता है। उम्मीद है कि वह हमारी खिताबी जीत का सूत्रधार बनेगा।’