यह भी संभावना है कि सीमित ओवर प्रारूप की तैयारी करने के लिहाज से कोहली सरे के साथ वन-डे कप में भी हिस्सा लें जहां वह केंट, मिडिलसेक्स और ग्लामोर्गन के खिलाफ मैच खेलेंगे।
बहरहाल, विराट कोहली ने सरे के साथ जुड़ने पर उत्सुकता जताते हुए कहा, 'यह मेरा काफी पहले से लक्ष्य रहा है कि मैं काउंटी क्रिकेट खेलूं और मैं एलेक स्टीवर्ट और सरे को शुक्रिया कहना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे 2018 सीजन के लिए यह मौका दिया। मैं किया ओवल मैदान पर जाने के लिए बेताब हूं।'
इसके साथ ही विराट कोहली मौजूदा टेस्ट खिलाड़ियों में काउंटी क्रिकेट खेलने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले चेतेश्वर पुजारा यॉर्कशर के लिए, इशांत शर्मा ससेक्स के लिए और वरुण एरोन ने लिसेस्टरशर के साथ करार किया है।
सरे क्रिकेट क्लब के निदेशक और पूर्व दिग्गज इंग्लिश विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक स्टीवर्ट ने कहा, 'हम विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नाम को जून के लिए अपने साथ जोड़कर बेहद उत्साहित हैं। विराट के साथ खेलना और अभ्यास करना हमारे खिलाड़ियों के लिए बहुत फायदेमंद होगा जो उनसे काफी कुछ सीख सकेंगे।'