भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने कहा है कि संजू सैमसन को टीम के लिए तीन नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। रैना का मानना है कि तीन नंबर पर खेलते हुए वह टीम के बल्लेबाजी क्रम को संतुलन देंगे। सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से सैमसन को ट्रेड किया था और वह इस सीजन सीएसके के लिए खेलेंगे।
रैना बोले- गायकवाड़-म्हात्रे करें पारी की शुरुआत
सुरेश रैना ने कहा कि सीएसके के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे को पारी की शुरुआत करनी चाहिए। सैमसन को बल्लेबाजी यूनिट को संभालने और शीर्ष क्रम को मजबूत करने के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए। रैना ने कहा, सैमसन इतने वर्षों तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे। मुझे लगता है कि सीएसके में उनका रोल साफ होगा। गायकवाड़ और म्हात्रे पारी की शुरुआत करें और संजू नंबर तीन पर खेलें तो अच्छा होगा, क्योंकि तब डेवाल्ड ब्रेविस नंबर चार पर आएंगे, शिवम दुबे नंबर पांच पर आएंगे और उसके बाद एमएस धोनी आएंगे। मुझे लगता है कि वह सिर्फ आखिरी दो या तीन ओवर ही खेलेंगे।
रैना ने बतौर विकेटकीपर संजू सैमसन का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'संजू विकेटकीपर के तौर पर वहां रहेंगे। हमने देखा कि जब वह विश्व कप में खेले तो उन्होंने कैसा माहौल बनाया।' रैना सीएसके के लिए तीन नंबर पर ही बल्लेबाजी करते थे और टीम की बल्लेबाजी का मुख्य स्तंभ थे। रैना के बाद टीम को उनके जैसे बल्लेबाज की इस क्रम पर तलाश है।
टी20 विश्व कप में दमदार रहा सैमसन का प्रदर्शन
सैमसन को आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले सीएसके ने रवींद्र जडेजा और सैम करन की जगह राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया था। सैमसन के पास आईपीएल का लंबा अनुभव है। वह 177 आईपीएल मैचों में 30.95 की औसत से 4704 रन बना चुके हैं। इस दौरान तीन शतक और 26 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले हैं। संजू सैमसन का टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन रहा था और उनकी बल्लेबाजी भारत के चैंपियन बनने का मुख्य कारण रही। वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 97, सेमीफाइनल में 89 और फाइनल में 89 रन की सैमसन की पारी ने भारत को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। कुल पांच मैचों में 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।