इंग्लैंड को पहली बार वर्ल्ड कप जिताने वाले कोच ट्रेवर बेलिस को सनराइजर्स हैदराबाद का नया कोच बनाया गया है। बेलिस को टॉम मूडी की जगह पर बतौर कोच हैदराबाद की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले लगातार सात सीजन तक मूडी टीम के कोच थे लेकिन इस साल उन्होंने इस पद को छोड़ दिया था।
बेलिस इससे पहले भी आईपीएल में बतौर कोच अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे 2012 से 2015 तक कोलकाता नाईट राइडर्स के कोच रहे थे। इसी दौरान कोलकाता की टीम दो बार चैंपियन भी बनी थी।
इंग्लैंड के मौजूदा कोच बेलिस का कार्यकाल आगामी एशेज सीरीज के बाद खत्म हो जाएगा। उनके दौर में इंग्लैंड ने कई उपलब्धियां अपने नाम की। इंग्लैंड ने 2015 में 3-2 से एशेज सीरीज जीती, 2016 में वर्ल्ड टी-20 के फाइनल में पहुंची, वन-डे रैंकिंग में नंबर-1 बनी और पिछले हफ्ते लॉर्ड्स में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी।
यही कारण था कि बेलिस को अपनी टीम का कोच बनाने के लिए आईपीएल की कई फ्रैंचाइज़ी उनसे संपर्क में थीं लेकिन अब आईपीएल के 13वें सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें अपना कोच नियुक्त कर लिया है।