आईपीएल 2025 में अंपायर द्वारा बल्ले के आकार की जांच की जा रही है। मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में केकेआर के बल्लेबाज सुनील नरेन और एनरिच नॉर्त्जे के बल्ले जांच में विफल रहे थे जिसके बाद उन्हें बल्ला बदलना पड़ा था। अब इस नियम को लेकर सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने अपनी राय रखी है।
क्या है नियम?
सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम पर मुकाबला खेला जाना है। इस मैच से पहले विटोरी ने कहा कि आईपीएल में बल्ले की जांच से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अंपायर बल्ले की जांच एक गेज से करते रहे हैं, जिससे बल्ले को गुजरना पड़ता है। इसका मकसद बड़े आकार के बल्ले के इस्तेमाल को खत्म करना है। इस सत्र में मैदानी अंपायरों के पास मैच के दौरान बल्ले की जांच करने की छूट है।
'मेरे खेलने के समय नियम आया होता'
विटोरी ने कहा, काश जब मैं खेल रहा था तब यह नियम आया होता। मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ेगा। इन खिलाड़ियों को इस तरह की जांच से नियमित तौर पर गुजरना पड़ता है। अंपायर अक्सर ड्रेसिंग रूम में जाते हैं, इसलिए खिलाड़ियों को पता होता है कि उनके बल्ले नियमों के अनुसार हैं। इसमें बस एक सेकेंड का समय लगता है। यह बड़ा बल्ला रखने की कोशिश करने वालों पर रोक लगाएगा। अपने बल्ले को हालांकि उस गेज से गुजारना बहुत आसान है।
विटोरी ने कहा कि यह हैदराबाद बल्लेबाजों के बीच चर्चा का विषय नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बल्ले के आकार में कमी आने की कोई संभावना है। विटोरी ने कहा, वास्तव में नहीं। मुझे लगता है कि जिस तरह से बल्ले बिना वजन बढ़ाए बड़े आकार के हो गए है, वह बल्ले निर्माताओं का कौशल है। यह आज के दौर के बल्लेबाजी की मांग के अनुरूप है।