सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2025 सीजन के बीच ही छुट्टियां मनाने का फैसला किया है और उसके खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ मालदीव पहुंचे हैं। हैदराबाद का हाल फिलहाल कोई मुकाबला नहीं है इसलिए छोटे ब्रेक के दौरान फ्रेंचाइजी ने टीम के सदस्यों को मालदीव ले जाने का फैसला लिया, जहां वे छुट्टियां मना रहे हैं। सनराइजर्स को अब अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात टाइटंस का सामना करना है, लेकिन इसमें अभी समय है।
सनराइजर्स ने शेयर किया वीडियो
सनराइजर्स हैदराबाद ने मालदीव पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें टीम के सदस्य एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। हैदराबाद के लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है और वह नौ मैचों में तीन जीत और छह हार के साथ छह अंक लेकर फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
हैदराबाद की उम्मीदें बरकरार
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को हराया था और प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें जीवंत रखी थी। यह हैदराबाद की चेपॉक में पहली जीत थी। शुक्रवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 154 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 18.4 ओवर में पांच विकेट पर 155 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
अंक तालिका में हुआ था सुधार
चेपॉक पर यह लगातार चेन्नई की चौथी हार है। वहीं, सत्र की सातवीं शिकस्त है। हैदराबाद इस जीत के साथ अंक तालिका में एक स्थान की छलांग लगाकर आठवें पायदान पर पहुंच गया है। नौ मैचों में तीन मैच जीत चुकी पैट कमिंस की टीम के खाते में छह अंक हैं और उनका नेट रन रेट -1.103 का है। वहीं, चेन्नई चार अंक और -1.302 के नेट रन रेट के साथ 10वें स्थान पर बनी हुई है। इस शिकस्त के साथ चेन्नई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।