टॉस के दौरान एसआरएच के कप्तान केन विलियम्सन और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन
- फोटो : twitter @ipl
आईपीएल 2022 की शुरुआत हैदराबाद के लिए कुछ खास नहीं रही है। पहले ही मैच में टीम को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान ने हैदराबाद को 61 रन से हराया। इसके साथ ही हैदराबाद इस सीजन पहली टीम बनी, जो लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई। इससे पहले चार टीमों ने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया है। इस मैच में हैदराबाद की टीम तय समय पर अपने 20 ओवर भी नहीं कर पाई। धीमी ओवर गति के लिए टीम के कप्तान केन विलियमसन पर 12 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है।
आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया "राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में धीमी ओवर गति के लिए सनराइजर्स हैदराबाद पर जुर्माना लगाया गया है। न्यूनतम ओवर से जुड़े मामले पर यह टीम इस सीजन पहली बार दोषी पाई गई है। इस वजह से टीम के कप्तान केन विलियमस पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।"
राजस्थान की बड़ी जीत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया। कप्तान संजू सैमसन ने राजस्थान के लिए अपने 100वें मैच में खास पारी खेली। वे 27 गेंदों पर 55 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 41 रन और शिमरोन हेटमायर ने 13 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन ही बना सकी। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन एडेन मार्करम ने बनाए। वे 41 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 14 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। हैदराबाद के दो बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इसमें राहुल त्रिपाठी और निकोलस पूरन शामिल हैं।