पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने शुक्रवार को फर्जी खबरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो जारी कर प्रशंसकों से तथ्यों को जांचने की अपील की। उन्होंने इस बात पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की कैसे कई स्पोर्ट्स वेबसाइट और व्यक्तिगत अकाउंट उनके नाम से फर्जी बयान दे रहे हैं।
गावस्कर ने की फैंस से खास अपील
गावस्कर इन दिनों भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की कवरेज में व्यस्त हैं। वह कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं और दर्शकों को मैच से जुड़े पल-पल के अपडेट्स दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो में भारतीय दिग्गज ने गलत खबरों और उनके नाम से जारी फर्जी बयानों से सतर्क रहने की अपील की है।
'तथ्यों की जांच करें'
गावस्कर ने कहा, 'पिछले कुछ महीनों में यह मेरे संज्ञान में आया है कि बहुत सी खेल वेबसाइट और व्यक्तिगत अकाउंट मेरे नाम से ऐसी टिप्पणियां और उद्धरण दे रहे हैं जो मैंने कभी नहीं दिए। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि सत्यता की जांच करें तथ्यों की जांच करें और जो कुछ भी वे लिखते हैं उस पर विश्वास न करें खासकर इन व्यक्तिगत अकाउंट और खेल वेबसाइट से आने वाली बातों पर।'
बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं गावस्कर
गावस्कर अपने बयानों को लेकर अकसर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्हें ऋषभ पंत के शतक पर सुपर्ब-सुपर्ब-सुपर्ब कहते सुना गया था। जिस पर प्रशंसकों ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनके द्वारा की गई पंत की आलोचना के लिए आड़े हाथ लिया था। इससे पहले उन्होंने पटौदी ट्रॉफी का नाम तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी रखने पर भी नाराजगी जताते देखा गया था। वह तेंदुलकर के साथ जेम्स एंडरसन का नाम जोड़े जाने से काफी नाराज थे।