दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में प्लेइंग इलेवेन में हुए बदलावों को लेकर सुनील गावस्कर ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने शिखर धवन को बाहर करने के फैसले को गलत ठहराते हुए उन्हें 'बलि का बकरा' बताया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की बल्लेबाजी का स्तर जरा सा गिरते ही हमेशा शिखर धवन पर गाज गिरती है।
इतना ही नहीं, उन्होंने
भुवनेश्वर कुमार को टीम से बाहर किए जाने के फैसले को भी गलत ठहराया है। गावस्कर ने कहा, 'पहले टेस्ट में भुवनेश्वर ने सुबह 3 विकेट लेकर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद उन्हें टीम से बाहर किया गया।'
गावस्कर ने कहा कि ऋद्धिमान सहा पहले टेस्ट में दबाव में दिख रहे थे, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर कर पार्थिव पटेल को लाया गया है। साहा पहले टेस्ट की पहली पारी में शून्य के स्कोर पर आउट हो गए थे, जबकि दूसरी पारी में वह 8 रन के सस्ते स्कोर पर सिमट गए थे।
बताते चलें कि मेजबान टीम के हाथों केप टाउन में पहला टेस्ट गंवाने के बाद टीम इंडिया ने तीन बदलाव किए हैं। दूसरे टेस्ट में सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की जगह केएल राहुल का लाया गया है। जबकि गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की जगह इशांत शर्मा और ऋद्धिमान सहा की जगह पार्थिव पटेल की टीम में वापसी हुई है। पहले टेस्ट की दूसरी पारी में टीम इंडिया को 208 रन का लक्ष्य मिला था, जिसके जवाब में पूरी टीम 135 रन पर सिमट गई और दक्षिण अफ्रीका ने 72 रन से सीरीज का पहला टेस्ट जीत लिया।