दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को मिली हार के बाद टीम को लगातार निशाने पर लिया जा रहा है। अब टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी भारतीय टीम को आड़े हाथों लिया है। गावस्कर टीम के अति आत्मविश्वास से भी नाराज हैं और उनका कहना है कि भारत को अब इस हार से सबक लेकर अहं का त्याग करना चाहिए। गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम अति आत्मविश्वास से बचे और हर गेंद को बाउंड्री लाइन पार कराने का नहीं सोचे।
सेमीफाइनल में पहुंचने की राह हुई कठिन
भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में 76 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है और अब उसे अपने अगले दोनों मुकाबले जीतने होंगे। गावस्कर ने कहा, भारतीय बल्लेबाजों को ब्रेविस और मिलर की साझेदारी से सीख लेकर इस तरह का दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत थी। भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा नहीं किया। वे अति आत्मविश्वास के साथ उतरे, हर गेंद पर बल्ला चलाया और विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका खेल के हर विभाग में भारत से अव्वल साबित हुआ।
तिलक वर्मा की बल्लेबाजी से निराश हुए गावस्कर
गावस्कर ने कहा, भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सबक नहीं लिया। भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर उतर कर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। टी20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता। आपको विपक्षी टीम से सीख लेनी चाहिए थी। अगर उन्होंने इस तरह की मुश्किल पिच पर अच्छा स्कोर किया है तो आपको अपना अहं त्यागकर उनकी पारी का विश्लेषण करना चाहिए था और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। तिलक वर्मा बेहद चतुर बल्लेबाज है लेकिन इस मैच में उनके खेलने के तरीके से मैं निराश था। तिलक को क्रीज पर कुछ समय बिताना चाहिए था। उन्हें साझेदारी निभाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।
गावस्कर बोले- अक्षर की एकादश में वापसी हो
भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा और गावस्कर ने कहा कि वह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में देखना चाहते हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया। गावस्कर ने कहा, जिम्बाब्वे की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमी है और इसलिए मैं चाहूंगा कि अक्षर पटेल की अंतिम एकादश में वापसी हो। आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह टीम में शामिल कर सकते हैं, लेकिन अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे में वॉशिंगटन को बाहर बैठना पड़ेगा।