इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के उद्घाटन समारोह में गायक अरिजीत सिंह के साथ अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और रश्मिका मंदाना ने अपनी परफॉर्मेंस से सभी का दिल जीत लिया। पहले अरिजीत ने अपनी दमदार आवाज के दम पर सभी फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद तमन्ना भाटिया ने गुजरात टाइटंस और रश्मिका मंदाना ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए परफॉर्म किया।
इस दौरान रश्मिका ने कई गानों पर डांस किया। सामी सामी भी इनमें से एक था। यह गाना और उस पर रश्मिका का डांस सुनील गावस्कर को इतना पसंद आया कि वह कमेंटरी बॉक्स में ही नाचने लगे। भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज सुनील बल्लेबाज गावस्कर फिल्म पुष्पा के हिट गाने 'सामी सामी' पर डांस करते दिखे।
रश्मिका मंदाना स्टेज पर डांस कर रही थीं और उसी दौरान सुनील गावस्कर उन्हें टीवी पर देखते हुए कमेंटरी बॉक्स के अंदर ही डांस करने लगे। उनके डांस का वीडियो आईपीएल एंकर नेरोली मीडोज ने रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर किया। यह शेयर करते हुए उन्होंने लिखा "और हम बाहर आ चुके! आईपीएल की शुरुआत के लिए अहमदाबाद में शानदार माहौल है। हालांकि सबसे अच्छी बात है दोस्तों के साथ मिलना!!! गले गलना और हंसना ... ओह सुनील गावस्कर मैंने आपको कैसे याद किया !!!!"
नेरोली मीडोज आईपीएल 2023 में आधिकारिक प्रसारकों के एंकरों में से एक हैं।
आईपीएल 2023 के पहले मैच में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया। इस मैच में चेन्नई के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने 92 रन की पारी खेली। वहीं, गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 63 रन बनाए। चेन्नई ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 178 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात ने चार गेंद रहते 182 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। राशिद खान ने इस मैच में सिर्फ 26 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं, बल्ले के साथ तीन गेंद में 10 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।