आईपीएल मैच के दौरान गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच हुई तू-तू मैं-मैं की घटना पर सुनील गावस्कर काफी नाराज हैं।
भारत के पूर्व कप्तान गावस्कर ने कहा कि गंभीर और कोहली के बीच हुआ विवाद दुखद है, ऐसी घटनाओं के लिए खेल में कोई जगह नहीं है।
गावस्कर ने एक टीवी चैनल को दिये साक्षात्कार में कहा, 'मैच के दौरान जो कुछ भी हुआ वह खेल के लिहाज से बहुत खराब था।
यह दिखाता है कि आईपीएल के मैच किस जुनून के साथ खेले जाते हैं और जीत के लिए खिलाड़ी कितना बेताब होते हैं।
जो कुछ भी रहा हो लेकिन मैच के दौरान किसी तरह की असभ्य (भाषा) को स्वीकार नहीं किया जा सकता है।'
गावस्कर ने कहा, 'कल की घटना और भी निराशाजनक इसलिए थी क्योंकि इसमें दिल्ली की ओर से रणजी ट्रॉफी में खेलने वाले दो खिलाड़ी शामिल थे।
हो सकता है कि इन दोनों के बीच पहले की कोई टशन रही हो जो इस दौरान उभर कर सामने आ गई और दोनों लोग बहस करने लगे।
दोनों के बीच अगर कोई पुराना विवाद था तो उसका तो खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन दोनों ही खिलाड़ी काफी गुस्सैल हैं।'
गावस्कर गंभीर के ऐसे व्यवहार के कारण पहले भी कई बार उनकी आलोचना कर चुके है। भारतीय क्रिकेट टीम में उपकप्तान रह चुके गंभीर अपनी खराब फॉर्म के कारण टीम इंडिया से बाहर हैं।
मैच के दौरान भद्दी भाषा में बहस करने के चलते दोनों ही खिलाड़ियों को चेतावनी दी गई है।