भारतीय क्रिकेट टीम आगामी टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए सभी तरह के समीकरणों पर काम कर रही है। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया लगातार तीन टी-20 सीरीज क्लीन स्वीप कर चुकी है और कुल 12 मुकाबले लगातार जीत चुकी है। भारतीय टीम विश्व कप से पहले सभी विकल्पों को आजमाने में लगी है। भारतीय टीम लगातार जीत से जहां खुश है तो वहीं खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं।
पूर्व कप्तान और महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने टीम के जीत के बावजूद एक समस्या को लेकर बीसीसीआई को आगाह किया है। उन्होंने भारत को डेथ ओवर में गेंदबाजी को लेकर चिंतित होने की सलाह दी है। श्रीलंका ने दूसरे टी-20 में डेथ ओवरों में जमकर रन बनाए थे और टीम के स्कोर को 183 तक पहुंचाया था।
गावस्कर ने शनिवार को स्टार स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान कहा, "यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे भारत हल्के में नहीं ले सकता। उन्हें डेथ ओवर गेंदबाजों के बारे में चिंता करने की ज़रूरत है - जिन्हें पहले 10 और आखिरी आठ ओवर फेंकने हैं। ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर भारत को सोचने की जरूरत है।"
दूसरे मैच के दौरान बात करते हुए गावस्कर ने कहा, "यह चिंता का संकेत नहीं है, लेकिन यह कुछ ऐसा है जिस पर उन्हें ध्यान देना होगा क्योंकि वे इसे नियमित रूप से नहीं कर सकते हैं। एक मैच में ऐसा होता है- यह प्रारूप की प्रकृति है। आखिरी में पांच-छह ओवर में साझेदारी हो सकती है जहां आपको 80-90 रन मिलेंगे जैसे हमने देखा। (दासुन) शनाका शानदार थे। यहां तक कि (पथुम) निसानका... बुमराह के खिलाफ उस शॉट को सभी लोगों के लिए देखें। बुमराह के खिलाफ हिट करना, यह आसान नहीं है।"