टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। त्यागी ने चार वनडे खेले जिसमें तीन विकेट लिए हैं। 33 वर्षीय खिलाड़ी ने एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला है। भारत के लिए अंतिम बार वह 2010 में खेले थे।
वह चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मिलाकर 14 आईपीएल मैच खेल चुके हैं। त्यागी ने ट्वीट किया,‘अभी तक जो मैंने फैसले किए, उसमें यह सबसे मुश्किल था जो अपने सपने को ‘गुडबॉय’ कहना है।’
त्यागी ने 41 प्रथम श्रेणी मैचों में 109 और 23 लिस्ट ए मैचों में 31 विकेट लिए हैं। उन्होंने कहा,‘मैंने वह हासिल किया जो हर खिलाड़ी का सपना होता है जो देश का प्रतिनिधित्व करना है।
मैं महेंद्र सिंह धोनी का शुक्रिया करना चाहता हूं, जिनके नेतृत्व में मैं अपना वनडे खेला था। मैं अपने आदर्श मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह और सुरेश रैना का भी शुक्रिया करना चाहूंगा। क्रिकेट को अलविदा कहना बहुत मुश्किल है लेकिन आगे बढ़ने के लिए हमें ऐसा करना पड़ता है।’