टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद भारत में फंसी वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीमें आखिरकार मंगलवार को स्वदेश के लिए रवाना होंगी। दोनों टीमों के लिए एक साझा चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की गई है, जो मंगलवार दोपहर 2:30 बजे कोलकाता से जोहानिसबर्ग के लिए उड़ान भरेगी। जोहानिसबर्ग पहुंचने के बाद वेस्टइंडीज की टीम आगे एंटीगुआ के लिए रवाना होगी। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया के कई हवाई क्षेत्रों के बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा था, जिसके चलते दोनों टीमें पिछले कुछ दिनों से भारत में फंसी हुई थीं।
वर्तमान में भारत में वेस्टइंडीज के 12 खिलाड़ी और 10 सपोर्ट स्टाफ मौजूद हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के 12 खिलाड़ी और दो सपोर्ट स्टाफ अभी भी यहां हैं। इस बीच वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी के आज रात सिंगापुर के रास्ते रवाना होने की उम्मीद है, जबकि तीन अन्य खिलाड़ी अलग मार्ग से जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ पहले ही न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां 15 मार्च से शुरू होने वाली पांच टी20 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में वे हिस्सा लेंगे। वेस्टइंडीज की टीम एक मार्च को भारत के खिलाफ सुपर-8 मुकाबला हारने के बाद से कोलकाता में रुकी हुई थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 4 मार्च को ईडन गार्डेन्स में न्यूजीलैंड से सेमीफाइनल हारने के बाद भारत से रवाना नहीं हो पाई थी।