बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं
- फोटो : BCCI
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी फाइनल टीम घोषित कर दी है। टीम में बदलाव के लिए आखिरी तारीख 12 फरवरी है और ऐसे में अजीत अगरकर की अगुआई में चयनकर्ताओं ने मंगलवार को टीम का एलान किया। इसमें दो बदलाव किए गए हैं। भारत को जसप्रीत बुमराह के रूप में बड़ा झटका लगा। वह चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल को भी जगह नहीं दी गई। बुमराह की जगह हर्षित राणा और यशस्वी की जगह वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया गया है। हालांकि, न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक एनसीए ने बुमराह को फिट घोषित किया था, लेकिन फिर ऐसी क्या वजह आई, जिसकी वजह से बुमराह को शामिल नहीं किया गया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बुमराह को लेकर फाइनल कॉल मुख्य चयनकर्ता अगरकर ने लिया है। उन्होंने इसके लिए कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा से बातचीत भी की थी।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
एनसीए ने बुमराह को फिट बताया था
किसी खिलाड़ी की क्रिकेट में वापसी को मंजूरी देने से पहले एनसीए फिटनेस के दो मापदंडों की जांच करता है। बुमराह इससे पहले 2022 में भी बैक सर्जरी से गुजरे थे। तब उन्हें फिट होने में करीब 10 महीने का वक्त लगा था और उन्होंने 2023 में वापसी की थी। हालांकि, अब यह समस्या उन्हें फिर से हुई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिडनी टेस्ट के दौरान उन्हें परेशानी महसूस हुई थी। इसके बाद उन्हें एनसीए में पांच से छह हफ्त के रिहैब से गुजरने को कहा गया। इस दौरान उनके साथ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर रजनीकांत और फीजियो तुलसी भी थे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'एनसीए के हेड नितिन पटेल द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में नितिन ने रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद बुमराह को चिकित्सकीय रूप से फिट घोषित कर दिया था।। इसके बाद एनसीए की खेल एवं चिकित्सा विज्ञान टीम ने बुमराह के चयन पर फैसला करने की जिम्मेदारी अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति पर छोड़ दी थी।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
अगरकर-गंभीर और रोहित के बीच हुई चर्चा
हालांकि, इस बात पर संदेह बना हुआ था कि चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले वह गेंदबाजी के लिए फिट हैं या नहीं। गेंद जब अगरकर के पाले में डाल दी गई तो उन्होंने अहमदाबाद में कप्तान रोहित शर्मा और कोच गौतम गंभीर के साथ इस मुद्दे पर बात की। तीनों के बीच इस बात पर बहस चली कि क्या बुमराह को लेना उचित होगा जो उनकी नजर में पूरी तरह फिट नहीं हैं। या फिर हर्षित राणा जैसे नए गेंदबाज को चुना जाए जो पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन अगर बुमराह उपलब्ध हैं तो कोई उन्हें टीम में शामिल करने का मौका नहीं छोड़ना चाहेगा। हालांकि, चयनकर्ता किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते थे। ऐसे में स्क्वॉड में एक अनफिट प्लेयर को नहीं ले जाने पर सहमति बनी। सभी का मानना था कि फिट घोषित किए जाने के बावजूद अगर एनसीए यह नहीं बता पा रहा कि वह पूरे टूर्नामेंट में पूरी तरह से गेंदबाजी कर पाएंगे या नहीं तो ऐसे में रिस्क नहीं उठाया जाए।
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : BCCI
2022 में भी बुमराह को लेकर की गई थी जल्दबाजी
सूत्र ने बताया, 'काफी रिस्क था और अगर बुमराह किसी मैच के दौरान फिर से चोटिल हो जाते हैं तो यह पूरी तरह से शर्मिंदगी की बात होती। नितिन पटेल की अगुआई वाली एनसीए ने इससे पहले 2022 में भी बुमराह को लेकर जल्दबाजी की थी और टी20 विश्व कप 2022 से पहले बुमराह को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में खेलने को कहा था। इसने बुमराह की चोट को और बढ़ा दिया था। तब चयन समिति की अगुआई चेतन शर्मा कर रहे थे। इसलिए अगरकर कोई चांस नहीं लेना चाहते थे। यह भी बात सामने आई है कि बुमराह ने अब तक पूरे दम के साथ गेंदबाजी शुरू नहीं की है और जो लोग इस बारे में जानते हैं उनका कहना है कि इतने कम समय में मैच फिट होना काफी मुश्किल है।
बुमराह-हर्षित-यशस्वी-वरुण
- फोटो : BCCI
आईपीएल में वापसी कर सकते हैं बुमराह
इसके बजाय अब बुमराह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए वापसी करें और फिर इंग्लैंड में भारत का नेतृत्व करें क्योंकि रोहित शर्मा को फिर से टेस्ट के लिए चुने जाने की संभावना नहीं है। चयन समिति ने वरुण चक्रवर्ती के रूप में पांचवें स्पिनर को टीम में चुना है जिन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। वहीं, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को इसलिए बाहर किया गया, क्योंकि रोहित और शुभमन गिल पारी का आगाज करेंगे। जरूरत पड़ी तो ऋषभ पंत या केएल राहुल में से कोई एक पारी का आगाज कर सकता है।
केकेआर के दो खिलाड़ी भारतीय टीम में
यशस्वी को हालांकि, ट्रैवलिंग रिजर्व में रखा गया है। उनके साथ रिजर्व में शिवम दुबे (हार्दिक के बैकअप) और मोहम्मद सिराज (शमी के बैकअप) शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में काफी सफल रहे वरुण ने अपने टी20 फॉर्म के आधार पर कटक में वनडे में डेब्यू किया और केकेआर का यह गेंदबाज मुख्य कोच गंभीर का निजी तौर पर पसंदीदा गेंदबाज भी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चैंपियंस ट्रॉफी टीम में दो खिलाड़ी गंभीर की सिफारिशों के आधार पर चुने गए हैं। इनमें हर्षित और वरुण शामिल हैं और ये दोनों संयोग से आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स का भी हिस्सा हैं।
भारत का शेड्यूल
- फोटो : X
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की फाइनल टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती।