रिवर्स स्विंग से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टीवन फिन का सीरीज के चौथे और आखिरी मैच में खेलना संदिग्ध है। कोलकाता टेस्ट के अंतिम दिन फिन ने पीठ में सूजन की शिकायत की थी।
स्कैन के बाद पता चला कि उनकी पीठ के निचले हिस्से में डिस्क इंजरी है। इसके कारण वह बुधवार को टीम के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए। हालांकि टीम प्रबंधन ने फिन के नागपुर टेस्ट में खेलने को लेकर अभी चुप्पी साध रखी है लेकिन माना जा रहा है कि टीम उन्हें उतारकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है।
फिन इससे पहले जांघ में खिंचाव के कारण अहमदाबाद और मुंबई टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। लेकिन कोलकाता टेस्ट में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम की सात विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई थी। फिन ने कोलकाता टेस्ट में कुल चार विकेट लिए थे। उनकी जगह टिम ब्रेसनन को अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना है। ब्रेसनन को अहमदाबाद में पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के कारण अंतिम एकादश से हटा दिया गया था।
स्टुअर्ट ब्रॉड एड़ी की चोट के कारण पहले ही इस टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। वह फिलहाल टीम के साथ ही रहेंगे और टेस्ट सीरीज के बाद होने वाले दो टी20 मैचों के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में बाद में फैसला किया जाएगा। हालांकि इंग्लैंड की परफारमेंस प्रोग्राम टीम फिलहाल पुणे में है लेकिन ब्रॉड या फिन के विकल्प के तौर पर किसी वहां से किसी को बुलाए जाने की संभावना नहीं है।