ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भले ही सीरीज में पहली बार बड़ी पारी खेली, लेकिन उनका मानना है कि उन्होंने अपनी लय नहीं खोई थी। भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में अपना 27वां टेस्ट शतक लगाने के बाद स्मिथ ने जोशीले अंदाज में इसका जश्न मनाया। सीरीज के शुरुआत के दोनों मैचों में फेल रहे स्मिथ ने यहां शानदार बल्लेबाजी करते हुए 137 रन बनाए।
स्मिथ ने तमाम आलोचनाओं का जवाब देते हुए पिछले साल भारत के खिलाफ सिडनी के ही मैदान में वनडे में लगातार दो शतक की याद दिलाते हुए कहा कि वह कभी चिंतित नहीं थे।
उन्होंने कहा कि मैंने बहुत कुछ पढ़ा और कई लोगों ने कहा कि मैं फॉर्म में नहीं हूं, अगर ऐसा है तो मैं फॉर्म में वापस आकर खुश हूं। स्मिथ ने कहा, 'देखिए अभी सिर्फ कुछ ही हफ्ते बीते हैं जब मैंने सिडनी के मैदान में भारत के खिलाफ ही लगातार दो शतक लगाए थे। ऐसे में कोई इस तरह की बात करता है तो हंसी आती है।'
स्मिथ ने हालांकि स्वीकार किया कि शुरुआत के मुकाबलों में अश्विन के खिलाफ जूझने के बाद उन्होंने कुछ बदलाव किए। इसमें मुख्य तौर पर दृष्टिकोण में परिवर्तन करना शामिल रहा।
गौरतलब है कि स्टीव स्मिथ को शुरुआत के दो टेस्ट मैचों में भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने खूब परेशान किया था। यही कारण रहा कि स्मिथ ने दो मैचों की चार पारियों में सिर्फ 10 रन ही बना पाए थे।