ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए पहले वन-डे में उसे डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 26 रन की शिकस्त झेलना पड़ी। मेहमान टीम के कप्तान का मानना है कि उनकी टीम बेहतर है जो सीरीज में वापसी करना जानती है।
स्मिथ ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर गुरुवार को होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'सीरीज का पहला मैच हमारे लिए टी20 जैसा हो गया था। मेरे ख्याल से अगर हमें 50 ओवर खेलने के लिए मिलते तो हमारे बल्लेबाज लय हासिल कर लेते और जीत दर्ज करते। '
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारे पास बहुत प्रतिभाएं हैं जो अगले कुछ मैचों में टीम इंडिया को कड़ी चुनौती दे सकती हैं। '
टीम इंडिया ने पहले वन-डे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 281 रन बनाए थे। मगर बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया को 21 ओवर में 164 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। मेहमान टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट पर 137 रन ही बना सकी और मुकाबला 26 रन से हार गई। इसके बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने स्मिथ की कप्तानी के बारे में कहा था कि वो अभी चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहे हैं।
पढ़ें:- युवराज सिंह के टीम में शामिल न होने पर मां शबनम ने कही 'विराट' बात
स्मिथ ने क्लार्क की इस बात को गलत बताते हुए कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मेरी कप्तानी में कोई कमी आई है। हां अभी नतीजे अच्छे नहीं आ रहे हैं, जिसे हम सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी टीम कड़ी मेहनत कर रही है और जल्द ही हम जोरदार वापसी की कोशिश करेंगे। सीरीज की शुरुआत जरुर निराशाजनक रही, लेकिन हम जल्द ही वापसी करेंगे। '
स्मिथ ने इसके अलावा भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि उनकी (धोनी) भूमिका में किसी प्रकार का बदलाव आया है। वो हमेशा से छठे या सातवें क्रम पर खेले हैं और फिनिशर हैं। उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है और वो पहले भी ऐसा कर चुके हैं। '