ऑस्ट्रेलिया के कप्तान
स्टीव स्मिथ को
राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को
इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र के अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। गौरलतब है कि स्मिथ पिछले आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट की कप्तानी कर चुके हैं। इस बार के आईपीएल नीलामी में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने रिटेन के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है। इससे पहले स्मिथ 2014 और 2015 में राजस्थान के लिए खेल चुके हैं।
एक टीवी प्रोग्राम में राजस्थान रॉयल्स के मेंटर
शेन वॉर्न, क्रिकेट प्रमुख जूबिन बारुचा और टीम के सह-मालिक मनोज बदाले ने स्मिथ को कप्तान बनाने की घोषणा की। इसके बाद स्मिथ का बयान भी सामने आया और उन्होंने कप्तान बनाए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रायल्स में वापसी करके अच्छा लग रहा है।
उन्होंने कहा कि रायल्स की कप्तानी करना और किंग (शेन वार्न) के साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात है। मेंटर वार्न ने कहा, 'हम रायल्स की तरह का ही आक्रामक क्रिकेट खेलेंगे। मुझे यकीन है कि यह सत्र रोमांचक होगा और हमें कामयाबी मिलेगी।'
आईपीएल के 11वें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स की टीम अपना पहला मैच 9 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद वह 11 अप्रैल को दिल्ली डेयरडेविल्स से जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में भिड़ेगी।