स्टीव स्मिथ और नाइजल लॉन्ग
- फोटो : ट्विटर
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मेलबर्न के मैदान पर गुरुवार से ऐतिहासिक बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच की शुरुआत हुई। कीवी टीम ने टॉस जीतकर मेजबानों को बल्ला थमाया। ऑस्ट्रेलियाई पारी के 25वें ओवर तक सबकुछ सामान्य था। 67 के स्कोर पर दो विकेट गिर चुके थे। क्रीज पर मौजूद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशाने मौजूद थे। 26वां ओवर फेंकने नील वैगनर आए, जिन्होंने अपने पिछले ओवर में ही डेविड वार्नर को निपटाया था।
अब इस ओवर की पहली गेंद का सामना स्मिथ कर रहे थे। 137kph के रफ्तार की शॉर्ट गेंद स्टीव की ओर आई, जिसे कंगारू बल्लेबाज ने अपनी शरीर पर लगने दिया। देखने से ऐसा लग रहा था कि वह इस गेंद को खेलना ही नहीं चाहते थे।
शरीर से बॉल छिटकने के बाद कंगारू खिलाड़ी लेग बाई का रन दौड़ने लगे, जिसे अंपायर ने नकारते हुए। डेड बॉल का फैसला सुनाया। इसी ओवर में 138kph की रफ्तार से आई एक और गेंद स्टीव स्मिथ की पीठ पर लगी, इस बार भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रन दौड़ गए, लेकिन इंग्लिश अंपायर लॉन्ग ने दोबारा डेड बॉल का इशारा किया।
स्टीव स्मिथ और नाइजल लॉन्ज
- फोटो : ट्विटर
रिकॉर्ड बुक की माने तो स्कोरबोर्ड में लेग बाई के रन तब तक नहीं जोड़े जाते जब तक बल्लेबाज उस गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश नहीं करते। दोनों ही बार अंपायर की नजरों में स्टीव स्मिथ ने गेंद पर ऐसी कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखाई, जिससे उन्हें लगे कि बल्लेबाज अपने बल्ले से उस गेंद को खेलना चाहता था। बस फिर क्या था, नाइजल लॉन्ग ने अपने विवेक से दोनों ही गेंदों को डेड बॉल करार दिया। मगर शायद यह बात स्टीव स्मिथ को नागवार गुजर गई, वे डेड बॉल के नियमों को लेकर अंपायर से मैदान पर ही भिड़ गए।
यह पूरी तरह से विकेट के सामने खड़े अंपायर पर निर्भर करता है कि वह इन चीजों को देखें और फिर फैसला करें। लॉन्ग के मुताबिक स्मिथ ने इन दोनों ही गेंदों पर शॉट खेलने का प्रयास नहीं किया था। इस दौरान कमेंट्री कर रहे शेन वॉर्न ने स्मिथ का पक्ष लेते हुए कहा कि स्मिथ को इन गेंदों पर रन लेने का पूरा हक था।
कमेंट्री बॉक्स में बैठे शेन वॉर्न ने लगाई लताड़
पूरी घटना को कमेंट्री बॉक्स से देख रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न थे, उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि जब इस तरह की शॉर्ट गेंद आपके शरीर पर लगती है तो आपको रन चुराने का पूरा अधिकार है। हालांकि, ICC के नियम के मुताबिक बल्लेबाज जब तक गेंद को खेलने का प्रयास नहीं करता, वह रन नहीं ले सकता। वॉर्न ने स्मिथ के अंपायर अपनी भड़ास निकालने को भी पूरी तरह जायज ठहराया।
विवाद के इतर स्टीव स्मिथ ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन अपने नाम एक बड़ा कीर्तिमान भी स्थापित किया। पूर्व टेस्ट कप्तान ग्रेग चैपल को पछाड़ते हुए स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में टॉप 10 में शामिल हो गए हैं।
51वें ओवर में स्मिथ ने जैसे ही एक रन चुराया वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 7,111 रन बनाने वाले 10वें बल्लेबाज बन गए। इस कड़ी में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान ग्रेग चैपल के 7,110 रनों को पीछे छोड़ दिया है।
स्मिथ ने पहले वार्नर के साथ साझेदारी की। फिर विपरित हालातों में मार्नस लाबुशाने और स्मिथ ने पारी को आगे बढ़ाया। लाबुशेन (63) के आउट होने के बाद स्मिथ 67 रन पर नाबाद खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक रन स्कोरर लिस्ट में रिकी पोंटिंग (13,378 रन) अव्वल हैं। फिर क्रमश: एलन बॉर्डर (11,174), स्टीव वॉ (10,927 रन), और माइकल क्लार्क (8,643) का नंबर आता है।