पहली पारी में 90 रन से पिछड़ी ऑस्ट्रेलिया की टीम को चौथे दिन स्टीव स्मिथ से फिर बड़ी आस होगी। एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन जब खराब रोशनी के कारण खेल रोका गया तब ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 124 रन बनाए थे। यानी उसकी कुल बढ़त 34 रन की हुई है।
पहली पारी में 144 रन बनाने वाले स्मिथ 46 रन पर खेल रहे थे जबकि ट्रेविस हेड 21 रन पर नाबाद थे। दोनों चौथे विकेट पर 49 रन जोड़ चुके थे। इससे पहले इंग्लैंड ने तीसरे दिन के खेल में पहली पारी में 374 रन बनाए। रोरी बर्न्स 133 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 284 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 27 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे जब ओपनर डेविड वॉर्नर (08) और कैमरून बेनक्रॉफ्ट (08) दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच सके थे। वॉर्नर को स्टुअर्ट ब्रॉड ने आउट किया जो उनका 450 वां टेस्ट शिकार बने। उस्मान ख्वाजा (40) बेन स्टोक्स का शिकार बने। स्मिथ जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो दर्शकों ने उनकी हूटिंग की थी। पहली पारी में भी ऐसा हुआ था लेकिन दबाव के बीच स्मिथ ने यादगार शतकीय पारी खेली थी।