श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका राजपक्षे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला वापस ले लिया है। 30 वर्षीय क्रिकेटर भानुका ने इसी महीने की पांच तारीख को अचानक से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था।
श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका राजपक्षे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला वापस ले लिया है। 30 वर्षीय क्रिकेटर भानुका ने इसी महीने की पांच तारीख को अचानक से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था। टी-20 वर्ल्ड कप 2021 का हिस्सा रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज के पास महज 23 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का अनुभव है। वह टीम के लिए सबसे ज्यादा 155 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज थे।
विज्ञापन
श्रीलंकाई बोर्ड की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "युवा और खेल मंत्री नमल राजपक्षे के साथ बैठक और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के साथ परामर्श के बाद भानुका राजपक्षे ने एसएलसी को सूचित किया है कि वह अपना संन्यास वापस लेना चाहते हैं, जो उन्होंने 3 जनवरी 2022 को एसएलसी को तत्काल प्रभाव से दिया था।"
भानुका ने संन्यास लेते हुए अपने पत्र में लिखा था, "मैंने एक खिलाड़ी, पति के रूप में अपनी स्थिति पर बहुत सावधानी से विचार किया है। पितृत्व और संबंधित पारिवारिक दायित्वों को देखते हुए यह निर्णय ले रहा हूं।"
राजपक्षे ने श्रीलंका के लिए पांच वनडे और 18 टी-20 मुकाबलों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों वनडे में एक अर्धशतक की मदद से 89 और 18 टी-20 में दो अर्धशतकों की मदद से 320 रन बनाए।
विज्ञापन
भानुका का प्रथम श्रेणी करियर भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने 77 प्रथम श्रेणी करियर मैचों में 36.49 की औसत से 4087 रन बनाए। इस दौरान नौ शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं। लिस्ट ए के 120 मैचों में भानुका ने 27.86 की औसत से 2842 रन बनाए हैं। उन्होंने लिस्ट ए में तीन शतक और 16 अर्धशतक जड़े हैं। टी-20 मैचों की बात करें तो 105 मुकाबलों में 23.60 की औसत और 10 अर्धशतकों की मदद से 1912 रन बनाए। फर्स्ट क्लास में उनके नाम 47, लिस्ट ए में 15 और टी-20 में 27 विकेट हैं।