कप्तान रोस टेलर (142) और केन विलियम्सन (135) के जोरदार शतकों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 262 रन की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन सोमवार को 412 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंकाई पारी लड़खड़ाती नजर आई। उसने 17 ओवर में महज 43 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। तिलकरत्ने दिलशान (05), कुमार संगकारा (00) और कप्तान महेला जयवर्धने (04) सस्ते में पेवेलियन लौट गए। टिम साउदी ने दो विकेट और ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट झटके।
स्टंप्स तक तरंगा परनविताना 9 और एंजेलो मैथ्यूज 20 रन बनाकर क्रीज पर थे। श्रीलंका अभी न्यूजीलैंड के स्कोर से 369 रन पीछे हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड ने रविवार के दो विकेट पर 223 रन से आगे खेलना शुरू किया था। टेलर 142 रन और विलियम्सन 135 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। विलियम्सन के कैरियर का यह तीसरा शतक है और इसके साथ ही उन्होंने 1000 टेस्ट रन भी पूरे किए। वहीं टेलर ने अपना आठवां शतक जड़ा। रंगना हेरात छह विकेट लेकर श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे।