वहीं, रविवार को श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे तुरंत प्रभाव से पृथकवास में रखा गया है। एसएलसी ने कर्मचारी के सीधे संपर्क में आने वाले अन्य कर्मचारियों को तुरंत पृथक करने के कदम उठाए हैं और उनका पीसीआर परीक्षण भी किया गया।
एसएलसी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, 'कर्मचारियों का एंटीजेन परीक्षण भी हुआ और नतीजे निगेटिव आए हैं।' शनिवार को हुए पीसीआर परीक्षण में संक्रमित कर्मचारी कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव पाया गया था। इस बीच श्रीलंका क्रिकेट अपनी सामान्य संचालन प्रक्रिया जारी रखेगा और अधिकतर जरूरी कर्मचारी कार्यालय में मौजूद रहेंगे। वहीं, एसएलसी ने बताया कि बाकी कर्मचारी घर से काम करेंगे।
चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रहे श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम में चार बदलाव किए हैं। श्रीलंका ने रविवार को यहां इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। श्रीलंका इस मैच में बल्लेबाज दिनेश चंदीमल, ऑलराउंडर धनंजय डिसिल्वा तथा तेज गेंदबाज कासुन रजिता और लाहिरू कुमारा के बिना खेलेगा। ये चारों खिलाड़ी पहले मैच में चोटिल हो गए थे, जिसे श्रीलंका ने पारी और 45 रन से गंवाया था।
लाहिरू तिरिमाने, मिनोद भानुका, दुसमंत चमीरा और असिता फर्नांडो को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। बल्लेबाज भानुका और तेज गेंदबाज फर्नांडो का यह पहला टेस्ट मैच है। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। इस तरह से उसने फिट तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा को पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी श्रृंखलाओं को देखकर अंतिम एकादश में नहीं रखा।