फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट बेहद रोमांचक मोड़ पर, 75 रन और 3 विकेट हैं जीत के आंकड़ें

Sat, 17 Nov 2018 04:48 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
जो रूट - फोटो : icc twitter
विज्ञापन

श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच कैंडी में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच का खेल बारिश के कारण आखिरी दिन तक आगे बढ़ गया है। हालांकि, यह मैच बेहद ही रोमांचक मोड़ पर है क्योंकि दोनों ही टीमों के पास जीतने का शानदार मौका है। इंग्लैंड की टीम जहां जीत से तीन विकेट दूर है तो वहीं मेजबान टीम को सीरीज 1-1 से बराबर करने के लिए 75 रन की दरकार है। 

विज्ञापन


श्रीलंका की टीम दूसरे टेस्ट में जीत के लिए 301 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही है। चौथे दिन स्टंप्स तक उसने 65.2 ओवर में सात विकेट खोकर 226 रन बना लिए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। मेजबान टीम को 75 रन की दरकार है।

बहरहाल, इंग्लैंड ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी 9 विकेट पर 324 रन से आगे बढ़ाई। जेम्स एंडरसन ने बेन फोक्स का अच्छा साथ दिया और आखिरी विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। एंडरसन को परेरा ने क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया। बेन फोक्स 119 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद लौटे।
विज्ञापन


इसी के साथ श्रीलंका को जीत के लिए 301 रन का लक्ष्य मिला। दूसरी पारी में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके शीर्ष तीन विकेट 26 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे। इंग्लैंड के गेंदबाज लीच ने कौशल सिल्वा, धनंजय डी सिल्वा और कुसल मेंडिस को अपना शिकार बनाया।

तीन विकेट जल्दी खोने के बाद मेजबान टीम को ओपनर दिमुथ करुणारत्ने और पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी करके श्रीलंका की मैच में वापसी कराई। इस साझेदारी को लेग स्पिनर आदिल राशिद ने तोड़ा। उन्होंने 96 गेंदों में चार चौकों की मदद से 57 रन बनाने वाले करुणारत्ने को फोक्स के हाथों कैच आउट कराया।

फिर रोशन सिल्वा ने मैथ्यूज का साथ निभाया और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। 95 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 37 रन बनाकर खेल रहे सिल्वा को मोइन अली ने कप्तान रूट के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। यहां से मैथ्यूज ने निरोशन डिकवेला के साथ छठे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। तब 137 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 88 रन बनाकर खेल रहे मैथ्यूज को अली ने एलबीडब्ल्यू आउट करके इंग्लैंड की जोरदार वापसी कराई।

जब मैथ्यूज आउट हुए तब श्रीलंका का स्कोर 6 विकेट पर 221 रन हुआ। स्कोर में अभी पांच रन का इजाफा हुआ ही था कि परेरा को लीच ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इंग्लैंड की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज लीच रहे, जिन्होंने चार विकेट झटके। मोइन अली ने दो जबकि आदिल राशिद को एक विकेट मिला।

अब यह देखना होगा कि अंतिम दिन इंग्लैंड या श्रीलंका में से कौन बाजी मारेगा। याद हो कि इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट जीता था और वह 1-0 की बढ़त पर है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें