लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को ओपनर्स तमीम इकबाल (47) और लिटन दास (43) ने जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने सिर्फ 35 गेंदों में 74 रन की साझेदारी की। नुवान प्रदीप ने दास को LBW आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। लिटन दास ने 19 गेंदों में दो चौको और पांच छक्को की मदद से 43 रन बनाए।
इसके बाद इकबाल ने सौम्य सरकार (24) के साथ 26 रन की साझेदारी करके बांग्लादेश का स्कोर 100 रन पर पहुंचाया। इसी स्कोर पर इकबाल ने परेरा को उन्हीं ही गेंद पर आसान कैच थमाया। तमीम इकबाल ने 29 गेंदों में 6 चौको और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाए।
यहां से मुश्फिकुर रहीम ने सरकार के साथ 51 रन की साझेदारी की और बांग्लादेश को मैच में बनाए रखा। हालांकि, स्कोर 151 रन पर पहुंचा ही था कि प्रदीप ने सरकार का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई।
रहीम ने आक्रामक पारी जारी रखते हुए कप्तान महमुदुल्लाह (20) के साथ 42 रन जोड़े। चमीरा ने महमुदुल्लाह को मेंडिस के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। बांग्लादेश को करारा झटका लगा जब उसके पॉवर हिटर बल्लेबाज सब्बीर रहमान खाता खोले बिना ही रनआउट होकर पवेलियन लौट गए।
रहीम ने इस बीच सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बांग्लादेश के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रहीम ने दमदार पारी जारी रखी और बांग्लादेश को रिकॉर्ड जीत दिलाई। श्रीलंका की तरफ से नुवान प्रदीप ने दो जबकि दुश्मंथा चमीरा और थिसारा परेरा को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले श्रीलंका ने कुसल परेरा (74) और कुसल मेंडिस (57) की दमदार पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए। बांग्लादेश द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित श्रीलंका को ओपनर्स दनुश्का गुनाथिलाका (26) और कुसल मेंडिस (57) ने 56 रन की साझेदारी करके शानदार शुरुआत दिलाई। मुस्ताफिजुर रहमान ने गुनाथिलाका को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद मेंडिस ने कुसल परेरा (74) के साथ 86 रन जोड़े और श्रीलंका को बेहद मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका का स्कोर जब 141 रन हुआ तब बांग्लादेश के कप्तान महमुदुल्लाह ने 30 गेंदों में दो चौको और पांच छक्को की मदद से 57 रन बनाने वाले मेंडिस को सब्बीर रहमान के हाथों झिलवाया। यहां से बांग्लादेश की वापसी हुई क्योंकि उसने 9 रन के अंतराल में श्रीलंका को तीन तगड़े झटके दिए।
मेजबान टीम के स्कोर में एक रन का इजाफा हुआ था कि महमुदुल्लाह ने दासुन शनाका को सब्बीर रहमान के हाथों कैच आउट कराकर अपना दूसरा शिकार किया। शनाका खाता भी नहीं खोल सके। फिर तस्कीन अहमद ने श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंडीमल (2) को सब्बीर के हाथों कैच आउट करा दिया।
यहां से कुसल परेरा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और उपुल थरंगा (32*) के साथ 55 रन की तेजतर्रार साझेदारी की। 48 गेंदों में 8 चौको और दो छक्को की मदद से 74 रन बनाने वाले परेरा की पारी का अंत मुस्ताफिजुर रहमान ने किया। थिसारा परेरा खाता भी नहीं खोल सके और रहमान की गेंद पर नजमुल इस्लाम को कैच थमा बैठे। थरंगा ने सिर्फ 15 गेंदों में 4 चौको और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से मुस्ताफिजुर रहमान ने तीन जबकि कप्तान महमुदुल्लाह ने दो विकेट चटकाए। तस्कीन अहमद को एक विकेट मिला।