श्रीलंका के नए मुख्य कोच गैरी कर्स्टन का लक्ष्य एक ऐसी टीम तैयार करना है जो 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में खिताब के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर सके। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन को दो साल के अनुबंध पर श्रीलंका की पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 15 अप्रैल से शुरू हो गया है।
अगले साल होना है वनडे विश्व कप
वनडे विश्व कप अगले साल अक्तूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। श्रीलंका 2011 के बाद से वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंचा है। भारत ने उसे 2011 में फाइनल में हराया था। उस समय कर्स्टन भारत के मुख्य कोच थे। उन्होंने कहा कि वह सभी प्रारूपों के लिए सबसे संतुलित टीम तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। कर्स्टन ने कहा, हम सभी प्रत्येक प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। आगे कुछ बड़ी प्रतियोगिताएं खेली जानी है जिनमें 17 महीने बाद होने वाला पुरुष वनडे विश्व कप भी शामिल है। हम इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
कर्स्टन ने कहा, मुझे लगता है कि इस समय मेरी प्राथमिकता यही है और मैंने इस पर काम करना भी शुरू कर दिया है। हम अलग-अलग प्रारूपों में विभिन्न भूमिकाओं के लिए खिलाड़ी तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं। श्रीलंका ने टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया है और उससे पता चलता है कि खिलाड़ियों में भरपूर क्षमता है। हमें बस निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है।