फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs SL: टेस्ट क्रिकेट के अपने न्यूनतम स्कोर पर ऑलआउट हुई श्रीलंकाई टीम, मार्को यानसेन ने झटके सात विकेट

Thu, 28 Nov 2024 06:08 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डरबन

सार

यानसेन ने अपने करियर का शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 रन देकर सात विकेट झटके और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कुल 14 ओवर भी टिकने नहीं दिया। 
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका टीम - फोटो : CSA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेज गेंदबाज मार्को यानसेन की धारदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका की पहली पारी महज 42 रन पर ऑलआउट कर दी। श्रीलंका के टेस्ट इतिहास का यह न्यूनतम स्कोर है। यानसेन ने अपने करियर का शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 रन देकर सात विकेट झटके और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कुल 14 ओवर भी टिकने नहीं दिया। यानसेन ऑस्ट्रेलिया के ह्यूज ट्रम्बल (इंग्लैंड के खिलाफ 1904 में) के बाद टेस्ट पारी में सात ओवर के अंदर सात विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं।
विज्ञापन

यानसेन के अलावा गेराल्ड कोएट्जे ने 18 रन देकर दो विकेट और कगिसो रबाडा ने 10 रन देकर एक विकेट लिया। श्रीलंका की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम 50 रन भी पूरे नहीं कर सकी। उसकी तरफ से कामिंदु मेंडिस 13 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। उनके अलावा लाहिरु कुमारा ने नाबाद 10 रन बनाए। मेंडिस और लाहिरु के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज दहाई अंक के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। श्रीलंका के कुल पांच बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके।

श्रीलंका ने अपने 30 साल पुराने अनचाहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। श्रीलंका का इससे पहले टेस्ट में न्यूनतम स्कोर 71 रन था। श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ अगस्त 1994 में यह प्रदर्शन किया था। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का यह छठा न्यूनतम स्कोर है और श्रीलंकाई टीम ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और भारत के क्लब में शामिल हो गई है जो टेस्ट में 42 रन पर ऑलआउट हो चुकी है। 
विज्ञापन

इससे पहले, पिच पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के मुफीद लग रही थी और दक्षिण अफ्रीका ने सुबह चार विकेट पर 80 रन से आगे खेलते हुए 111 रन जोड़े और पहली पारी 191 रन पर खत्म की। श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो और लाहिरु कुमार ने तीन-तीन विकेट झटके थे। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने यानसेन की अगुआई में गेंदबाजों के दम पर 149 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें