श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने शनिवार को इस महीने के अंत में लाहौर जाकर टी20 सीरीज का मैच खेलने से इंकार कर दिया है। श्रीलंका टीम के क्रिकेटर्स 2009 में पाकिस्तान में अपनी तत्कालीन टीम की बस पर हुए आतंकवादी हमले को अब तक भूल नहीं पाई है।
श्रीलंका के क्रिकेटरों ने मांग की है कि पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा व अंतिम मैच किसी तठस्थ स्थान पर आयोजित किया जाए। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी क्रिकेटरों को मनाने में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें: इन दो भारतीय खिलाड़ियों की मदद से चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता बना पाकिस्तान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के 40 अनुबंधित खिलाड़ियों ने बोर्ड को एक पत्र लिखकर संकेत दिए हैं कि वो लाहौर नहीं जाना चाहते।
क्रिकबज ने एसएलसी के सूत्र के हवाले से कहा, 'एसएलसी जल्द ही खिलाड़ियों से बातचीत करेगा। हम उन्हें सीरीज के बीच में परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचा है। इस मामले पर हमें ध्यान देना होगा। आईसीसी भी शनिवार को खिलाड़ियों से मुलाकात करेगा और उन्हें लाहौर की परिस्थिति के बारे में बताएगा।'
ये भी पढ़ें: धोनी के बारे में पाकिस्तानी क्रिकेटर ने फैन को दिया जवाब और जीत लिया दिल
पाकिस्तान ने पिछले महीने वर्ल्ड इलेवन की मेजबानी की थी, जिसमें श्रीलंकाई ऑलराउंडर थिसारा परेरा भी शामिल थे। तीन मैचों की टी20 सीरीज को इंडिपेंडेंस कप नाम दिया गया था।
सूत्र ने कहा, 'हम सभी संभावनाओं पर ध्यान दे रहे हैं। पाकिस्तान हमारा नजदीकी साथी है और हम उन्हें हताश नहीं करना चाहते।' 2009 में लाहौर में स्टेडियम जाते समय श्रीलंका क्रिकेट टीम पर आतंकवादी हमला हुआ था। इस हादसे के बाद बाकी के सभी देशों ने पाकिस्तान में क्रिकेट खेलने से इंकार कर दिया था।