भारत और पाकिस्तान के बीच दिसंबर में खेली जाने वाली आगामी क्रिकेट सीरीज की मेजबानी को लेकर दोनों टीमों के बोर्डों के बीच मतभेद बने हुए हैं। लंबे समय से दोनों के बीच सीरीज को लेकर खबरें आ रही हैं लेकिन अभी कुछ भी साफ नहीं हो सका है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पिछले दिनों पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से अपनी टीम भारत भेजने का प्रस्ताव दिया था लेकिन पीसीबी ने यह कहते हुए इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया कि इस बार टीम इंडिया को उसकी मेजबानी में खेलना है।
दोनों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय सीरीज अब श्रीलंका में होने की संभावना है और इस संदर्भ में अधिकृत घोषणा 27 नवंबर को हो सकती है। पाक टीम भारत में नहीं खेलना चाहती तो टीम इंडिया मैच खेलने यूएई जाने से बच रही है, ऐसे में एक नया सुझाव आया है जो दोनों के बीच सीरीज को जीवनदान दे सकती है। अगर दोनों के बीच सीरीज को लेकर कोई रजामंदी बनती है तो 3 वनडे और 2 टी-20 मैचों की छोटी सी सीरीज खेली जा सकती है क्योंकि जनवरी में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया जाएगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज सात दिसंबर को समाप्त हो रही है। उसके बाद जो ‘विंडो’ उपलब्ध है उसमें सीरीज खेली जा सकती है। हाल ही में बीसीसीआई अध्यक्ष और मौजूदा आईसीसी चेयरमैन शशांक मनोहर की पीसीबी चेयरमैन शहरयान खान और नजम सेठी की इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और पाकिस्तान टास्क फोर्स के चेयरमैन जाइल्स क्लार्क से मुलाकात हुई है। उसके बाद भारत-पाक सीरीज की सुगबुहाहट फिर से जोर पकड़ने लगी है। सीरीज होने पर पीसीबी की कमाई भी जमकर होगी।
पाक बोर्ड अब अपने प्रधानमंत्री से लेगा अनुमति
पाकिस्तान के भारत और भारत के यूएई नहीं जाने की सूरत में तटस्थ मैदान का चयन किया जा सकता है। और इस मामले में श्रीलंका को दोनों टीमों के बीच सीरीज की मेजबानी का मौका मिल सकता है। आईसीसी के एफटीपी (भविष्य टूर कार्यक्रम) के अनुसार पाक को अपने घरेलू मैदान यूएई में टीम इंडिया की 2 टेस्ट, 5 वनडे और 2 टी-20 मैचों की मेजबाी करनी है। लेकिन भारतीय टीम अगले साल जनवरी के पहले हफ्ते में वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो रही है। यह सीरीज 12 जनवरी से शुरू होगी।
पीसीबी अध्यक्ष शहरयार और नजम सेठी ने रविवार को हुई बैठक का विवरण तो नहीं दिया लेकिन संकेत दिए कि रविवार को हुई मुलाकात काफी अच्छी रही और इस संदर्भ में गतिरोध टूट सकता है। सीरीज के लिए चूंकि पीसीबी को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अनुमति की जरूरत पड़ेगी इसलिए शहरयार खान इस्लामाबाद लौटकर पीएम से अनुमति लेंगे। एक बार नवाज शरीफ से हरी झंडी मिलने के बाद शहरयार फिर दुबई लौटेंगे और निर्णय से क्लार्क को अवगत कराएंगे। सूत्रों के मुताबिक अधिकृत घोषणा जाइल्स क्लार्क ही करेंगे।
पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी टेस्ट खेलने वाले देश ने यूएई में खेलने से इनकार किया है। 2009 में पाकिस्तान में श्रीलंका टीम में हुए हमले के बाद यूएई में ही पाकिस्तान की घरेलू सीरीज हो रही हैं।
पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि विश्व क्रिकेट समुदाय की ओर से बीसीसीआई पर इस बात का कोई दबाव नहीं है कि वह दोनों देशों के बीच छह द्विपक्षीय सीरीजों के लिए हुए सहमति पत्र का पालन करे। पिछले साल जब एमओयू पर हस्ताक्षर हुए तब नजम सेठी ही पीसीबी के चेयरमैन थे। बीसीसीआई और पीसीबी के बीच 2015 से लेकर 2023 तक छह द्विपक्षीय सीरीजों के लिए करार हुआ है।
भारत के साथ सीरीज हुई तो पाक की कमाई होगी 'बंपर'
माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ही श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) से संपर्क किया है और एसएलसी सीरीज की मेजबानी करने को तैयार है।
दिसंबर में श्रीलंका का मौसम भी अपेक्षाकृत अच्छा रहता है। अंतिम कार्यक्रम अधिकृत घोषणा के बाद ही बनेगा। दोनों देशों के बीच तीन वनडे और दो टी-20 मैचों की छोटी सी सीरीज खेली जा सकती है।
20 दिसंबर से संभावित सीरीज के मैच आर प्रेमदासा स्टेडियम और पल्लीकल स्थित कैंडी स्टेडियम में हो सकते हैं। पाक मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस सीरीज से पीसीबी को तीन अरब रुपये का फायदा मिलने की संभावना है।