रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ होने वाले ग्रुप चरण के मुकाबले के लिए कप्तान रजत पाटीदार की उपलब्धता की पुष्टि की। रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में रजत को सिर में चोट लग गई थी। चोट की वजह से रजत धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे।
एसआरएच के खिलाफ मैच से पहले बोबाट ने कहा, रजत अब पूरी तरह से तैयार हैं। हम उनके मामले में काफी सतर्क थे और हमने उनके साथ कोई जोखिम नहीं उठाया। हमने सोचा था कि हम उन्हें ठीक होने और आराम करने के लिए थोड़ा और समय देंगे, लेकिन वह यहां हैं, अभ्यास कर रहे हैं और खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
बोबाट ने भुवनेश्वर के प्रदर्शन को सराहा
13 मैच में 24 विकेट लेकर फिलहाल पर्पल कैप अपने पास रखने वाले आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की बोबाट ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर का प्रदर्शन शानदार रहा है। उनके नतीजे बेहतरीन रहे हैं। उन्होंने न केवल बहुत सारे विकेट लिए हैं, बल्कि बेहतरीन लय के साथ गेंदबाजी भी की है। वह पारी की शुरुआत में और अंत में भी काफी प्रभावी रहे हैं। हम उनके प्रदर्शन से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, वह टीम मीटिंग्स में अच्छी बातें करते हैं। दबाव की स्थिति में मैदान पर वह अपनी सूझबूझ और विचारों से टीम के लिए एक बेहतरीन सहारा साबित होते हैं। वह रजत और जितेश के लिए एक बड़ा संबल बन सकते हैं। हमें उनसे बहुत फायदा मिलता है। वह टीम सब कुछ देते हैं।
एसआरएच के खिलाफ मुकाबले को लेकर बोबाट ने कहा कि इस टूर्नामेंट में सभी टीमें अच्छी हैं। हर टीम में खतरनाक खिलाड़ी हैं। कोई भी खिलाड़ी आपसे मैच छीन सकता है। आपको विरोधी टीम के प्रति बहुत विनम्र और सम्मानजनक रवैया रखना चाहिए और अपनी ताकत को लेकर भी पूरी तरह स्पष्ट होना चाहिए।