अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी सनराइजर्स
पिछले साल के उप विजेता सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पहले मैच में 286 रन बनाकर 44 रन से शानदार जीत हासिल की थी लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाज कुंद पड़ गए जिसका असर परिणाम पर भी साथ देखने को मिल रहा है।
10वें पायदान पर पहुंची हैदराबाद
आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर सनराइजर्स की टीम पिछले तीन मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उसने इन मैच में 163, 120 और 152 रन ही बनाए। बल्लेबाजों की नाकामी के कारण उसे इन मैच में हार का सामना करना पड़ा। इससे उसका नेट रन रेट भी खराब हो गया।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने किया निराश
सनराइजर्स के पास ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं लेकिन पिछले कुछ मैच में अति आक्रामकता के कारण उन्हें अपने विकेट गंवाने पड़े। पिछले साल सनराइजर्स की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हेड और अभिषेक इस बार अभी तक टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए हैं। वर्तमान सत्र में इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी 15 रन की है।
हेड के प्रदर्शन में आई गिरावट
हेड के प्रदर्शन में आश्चर्यजनक रूप से गिरावट आई है। वह अभी तक पांच पारियों में 67, 47, 22, 04 और 08 रन ही बना पाए हैं। अभिषेक की बल्लेबाजी में भी निरंतरता का अभाव है। मौजूदा सत्र में उनका सर्वोच्च स्कोर 24 रन है। किशन ने पहले मैच में नाबाद शतक लगाया था लेकिन इसके बाद वह अपने इस प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाए। सनराइजर्स के मध्यक्रम के मुख्य बल्लेबाज क्लासेन भी अभी तक उम्मीद पर खरा नहीं उतरे हैं।
कोच का बयान
सनराइजर्स के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने कहा कि उनकी टीम अपने आक्रामक अंदाज को नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा- मेरा मानना है कि हम जानते हैं कि हमने अपनी इस शैली के दम पर जीत हासिल की हैं लेकिन हमें परिस्थितियों का सम्मान करना होगा। हमें परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन करना होगा जैसा कि हम अभी तक नहीं कर पाए हैं।
हैदराबाद के गेंदबाज भी नहीं कर पाए प्रभावित
सनराइजर्स के लिए बल्लेबाजी नहीं गेंदबाजी भी चिंता का विषय है। उसके गेंदबाजों ने अभी तक काफी रन लुटाए हैं। कप्तान पैट कमिंस, मोहम्मद शमी और हर्शल पटेल जैसे गेंदबाज अभी तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। उसके स्पिन गेंदबाजों को बीच के ओवरों में संघर्ष करना पड़ रहा है।
पंजाब के खिलाड़ी फॉर्म में
इसके विपरीत पंजाब किंग्स ने नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। यह भारतीय बल्लेबाज आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहा है। उसको प्रियांश आर्या के रूप में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज मिला है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ा था। पंजाब के गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और मार्को यानसन ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, कामिंदू मेंडिस, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, मोहम्मद शमी, शाहबाज अहमद।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल।
आइए जानते हैं हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 12 अप्रैल यानी शनिवार को खेला जाएगा।
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
हैदराबाद और पंजाब के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।