सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
- फोटो : अमर उजाला
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आज आईपीएल 2023 के 47वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलेगी तो उसकी नजर लगाातर दूसरी जीत दर्ज करने पर रहेगी। हालांकि, टीम को मैच जीतने के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इससे पहले हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को नौ रन से हराया था। वहीं, कोलकाता की टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली पिछली हार को भुलाकर इस मैच को जीतने की कोशिश करेगी।
हैदराबाद के बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं है। पिछले मैच में अभिषेक शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन किया था तो मयंक अग्रवाल अभी तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं। टीम को उनसे अच्छे प्रदर्शन की आस रहेगी। मयंक 110 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाए हैं। राहुल त्रिपाठी, कप्तान एडेन मार्करम को भी बड़ी पारी खेलनी होगी। इसके अलावा हैरी ब्रुक ने शतक लगातार अपनी फॉर्म में वापसी की थी, लेकिन इसके बाद वह अधिकतर मैचों में विफल रहे हैं। गेंदबाजी भी हैदराबाद के लिए परेशानी बनी हुई है। तेज गेंदबाज उमरान मलिक काफी महंगे साबित हो रहे हैं।
एडेन मार्करम और नीतीश राणा
- फोटो : IPL/BCCI
वहीं, कोलकाता को प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे इस खेल के सभी विभागों में अच्छा करना होगा। कप्तान नीतीश राणा भी ऐसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिससे टीम को जीत मिली हो। उनके अलावा जगदीशन ने भी अपेक्षा अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है। हालांकि इंग्लिश बल्लेबाज जेसन रॉय और अफगानिस्तानी क्रिकेटर गुरबाज ने टीम के लिए उपयोगी पारियां खेली हैं। गेंदबाजी कोलकाता के लिए भी चिंता का विषय है। उनके गेंदबाज काफी रन लुटा रहे हैं। सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और सुयश शर्मा की स्पिन तिकड़ी शानदार प्रदर्शन कर रही है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम (कप्तान), हैरी ब्रूक, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, मार्को जानसेन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक मार्कंडे, उमरान मलिक।
कोलकाता नाइट राइडर्स: जेसन रॉय, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकटकीपर), वेंकटेश अय्यर, नीतीश राणा (कप्तान), आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, शार्दुल ठाकुर, सुनील नरेन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, सुयाश शर्मा।