वे डग आउट में ही यानसेन को गालियां देते नजर आए। उन्होंने कहा कि यानसेन क्यों राशिद को फुल टॉस बॉल फेंक रहे हैं। इसके बाद मुरलीधरन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि 'कूल' मुरलीधरन भी अपना आपा खो बैठे।
आखिरी गेंद पर गुजरात टाइटंस को जीतने के लिए तीन रन की जरूरत थी। यानसेन ने शॉर्ट बॉल फेंकी और इस पर भी राशिद ने छक्का लगाया। इस तरह गुजरात की टीम ने पांच विकेट से मैच जीत लिया। यानसेन ने मैच में चार ओवर में 63 रन लुटाए, जो कि आईपीएल में रन चेज में किसी गेंदबाज द्वारा लुटाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड लुंगी एनगिडी के नाम था। उन्होंने 2019 में चेन्नई से खेलते हुए मुंबई के खिलाफ 62 रन लुटाए थे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। जवाब में गुजरात की ओर से ऋद्धिमान साहा ने बेहतरीन पारी खेली। साहा ने 38 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली। वहीं, राशिद 11 गेंदों पर चार छक्के की मदद से 31 रन और राहुल तेवतिया 21 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे।