दिल्ली पुलिस ने जयपुर में श्रीसंत की गर्लफ्रेंड के होने का खुलासा किया है।
पुलिस ने श्रीसंत को जयपुर ले जाकर उसकी गर्लफ्रेंड के कब्जे से करीब 45 हजार रुपये का ब्लैकबेरी जेड-10 बरामद किया है।
वहीं, पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग मामले में 18वें आरोपी बाबूराव यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ में पहले आईपीएल में भी फिक्सिंग के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने मामले में राजस्थान रॉयल्स की शिकायत आने के बाद एफआईआर में आईपीसी की धारा 409 (अमानत में खयानत) भी जोड़ दी है।
वहीं, पुलिस ने मंगलवार को छह और लोगों के आवाज के नमूने लेने के अलावा हैंड राइटिंग के सैंपल लिए हैं।
स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक की तफ्तीश में बॉलीवुड कनेक्शन सामने नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि श्रीसंत ने जयपुर में 15 मई को खेले गए आईपीएल मैच के दौरान गर्लफ्रेंड को ब्लैकबेरी फोन दिया था।
श्रीसंत ने यह फोन फिक्सिंग में मिली रकम से खरीदा था। पुलिस उसे मंगलवार तड़के जयपुर ले गई थी। हालांकि, पुलिस ने बताया है कि श्रीसंत की गर्लफ्रेंड की स्पॉट फिक्सिंग में कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
क्रिकेटर ने स्पॉट फिक्सिंग की ज्यादातर रकम पार्टी और खरीदारी में खर्च की थी। उसने मुंबई में डीजल्स स्टोर से 1.95 लाख रुपये की करीब 20 जींस की पैंट खरीदी थीं। दिल्ली पुलिस जल्द ही स्टोर के मैनेजर से पूछताछ करेगी।