पेसर एस श्रीसंत को जब दिल्ली पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया तो वह उखड़ गए थे और दावा किया था उनके बड़े राजनीतिक संपर्क हैं।
उन्होंने कहा था कि केरल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री मुझे जानते हैं। श्रीसंत ने अपना फोन पुलिस को देकर कहा था कि वह चाहे तो मुख्यमंत्रियों से बात कर ले। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मुंबई के कार्टर रोड के नजदीक श्रीसंत की कार को ओवर-टेक किया था और दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर ने उन्हें अपना आई-कार्ड दिखाया था।
पुलिस ने जब श्रीसंत से अपनी गाड़ी में बैठने को कहा तो वे तैयार नहीं हुए और बहस करने लगे। उनके साथ मराठी फिल्मों की एक हीरोइन भी थी।
श्रीसंत ने केरल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों से अपनी पहचान की बात कह कर अपना रसूख दिखाने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि मेरे मोबाइल में उनके नंबर हैं और पुलिस चाहे तो बात कर ले। पुलिस ने उस वक्त श्रीसंत को नहीं बताया था कि उन्हें क्यों हिरासत में लिया जा रहा है।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए मुंबई, चंडीगढ़, कोलकाता और हैदराबाद के उन होटलों से सीसीटीवी फुटेज देने को कहा है, जहां आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार तीनों क्रिकेटर -श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण- ठहरे थे।
जहां इन्होंने बुकीज से मुलाकात की थी। पुलिस अदालत से पकड़े गए 11 बुकीज समेत इन लोगों की आवाज के नमूने लेने की इजाजत भी मांगने की तैयारी कर रही है।