फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्पॉट फिक्सिंग: पूरे मैच को ही फिक्स करना चाहते थे बुकीज

Sun, 02 Jun 2013 01:56 AM IST
नई दिल्ली/पुरुषोत्तम वर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि बुकीज 17 मई को हैदराबाद में हुए आईपीएल मैच को ही फिक्स करना चाहते थे। इस मैच की दोनों टीमों से बुकीज ने संपर्क किया था।
विज्ञापन


यह मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला गया था। बुकी के एक ग्रुप ने सनराइजर्स हैदराबाद के तीन से चार खिलाड़ियों से बात की थी, जबकि दूसरे ग्रुप ने आरआर के खिलाड़ियों से संपर्क किया था।

पुलिस अधिकारी इस बात की तफ्तीश कर रहे हैं कि मैच पूरा ही फिक्स था या फिर स्पॉट फिक्सिंग हुई थी या नहीं। सूत्रों के अनुसार, फरार राजनीतिक नेता आमिर इस पहेली से पर्दा उठा सकता है।
विज्ञापन


विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने 17 मई को खुलासा किया था कि दीपक ने बताया है कि वह आरआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 17 मई को खेले गए मैच को फिक्स करवाना चाहता था।

इसके लिए दीपक ने अजीत चंदीला से संपर्क किया था। अजीत चंदीला ने इस काम के लिए दीपक से 15 लाख रुपये एडवांस में लिए थे। हालांकि, चंदीला को 15 मई को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, याहिया उर्फ यूसुफ ने बताया है कि बुकी चंद्रेश पटेल वाला ग्रुप भी 17 मई वाले इस मैच को फिक्स करवाना चाहता था। इसके लिए चंद्रेश ने याहिया के जरिए आमिर से संपर्क किया था।

चंद्रेश ने दावा किया है कि आमिर ने उसकी सनराइजर्स हैदराबाद के तीन से चार खिलाड़ियों से मुलाकात करवाई थी। आमिर ने फिक्सिंग की एवज में चंद्रेश से 32 लाख रुपये भी लिए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात का खुलासा आमिर के पकड़ में जाने के बाद होगा कि क्या उसने 17 मई वाले मैच में फिक्सिंग करवाई थी और क्या मैच फिक्स हुआ था। आमिर की डीलिंग के तहत सनराइजर्स को हारना था।

खिलाड़ियों की होती थी रोजाना पार्टी
श्रीसंत, अजित चंदीला, अंकित चव्हाण, अमित सिंह, अभिषेक शुक्ला और जीजू जनार्दन ने एक ग्रुप बना रखा था। सभी एक साथ घूमते थे और एक ही होटल में रुकते थे।

सिद्वार्थ त्रिवेदी ने बताया है कि ये रोजाना पार्टी करते थे, जिसमें बुकीज भी आते थे। पार्टियों में सिद्धार्थ को भी बुलाया जाता था, मगर वह वहां नहीं गया।
विज्ञापन


खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर हो रही जांच
सिद्धार्थ त्रिवेदी ने पूछताछ में बुकीज के संपर्क में रहने वाले कई खिलाड़ियों के नामों का खुलासा किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहले इन खिलाड़ियों के खिलाफ सबूत एकत्रित किए जा रहे हैं और उसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

आमिर की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
दिल्ली पुलिस आमिर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की दो टीमें हैदराबाद व दक्षिण भारत में हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमिर ने अपना मोबाइल बंद कर रखा है। इसके बावजूद उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें