स्पेन की टीम ने सिर्फ दो गेंदों में मैच जीतकर टी20 क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। रविवार को स्पेन ने आइल ऑफ मैन को टी20 मुकाबले में सिर्फ 10 रन पर समेट दिया। यह पुरुषों के टी-20 क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है। आइल ऑफ मैन के छह खिलाड़ी अपना खाता भी नहीं खोल सके। चार बनाने वाले जोसेफ बरोज टीम के सर्वोच्च स्कोरर थे। अंत में आइल ऑफ मैन की टीम को 8.4 ओवर में सिर्फ 10 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में स्पेन ने सिर्फ दो मान्य गेंदों में ही मैच अपने नाम कर लिया।
स्पेन के लिए मोहम्मद कमरान और अतीफ महमूद ने चार-चार विकेट अपने नाम किए। वहीं, लॉरेन बर्न्स ने दो विकेट झटके। आइल ऑफ मैन की पारी में कोई चौका या छक्का नहीं लगा। फ्रेसर क्लार्क ने इस पारी में सबसे ज्यादा 12 गेंदों का सामना किया, लेकिन वह भी अपना खाता नहीं खोल सके।
आइल ऑफ मैन की तरफ से जोसेफ बेरोज ने 11 रन का बचाव करते हुए नो गेंद के साथ शुरुआत की। पारी की पहली ही मान्य गेंद पर स्पेन के अवैस अहमद के पास फ्री हिट थी और उन्होंने छक्का लगाया। अगली गेंद में भी उन्होंने छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया और स्पेन की टीम 118 गेंद रहते 10 विकेट से जीत गई।
टी20 क्रिकेट के इतिहास में बची हुई गेंद के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। वहीं, 10 रन पर सिमटने वाली आइल ऑफ मैन की टीम ने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले टी20 में सबसे छोटा स्कोर सिडनी थंडर की टीम ने बनाया था। सिडनी थंडर को एडिलेड स्ट्राइकर्स ने दिसंबर में बिग बैश लीग में 15 रन पर आउट कर दिया था। यह मैच छह मैचों की सीरीज का अंतिम मैच था। बारिश के कारण सीरीज का दूसरा गेम रद्द होने के बाद स्पेन ने सीरीज 5-0 से अपने नाम की।
स्पेन के मुख्य कोच कोरी रटगर्स ने मैच के बाद कहा, "शानदार, यह सिर्फ 4-4, 6-6 पर खत्म हो गया। मैंने अपने जीवन में कभी ऐसा कुछ नहीं देखा।"
छह मैच की सीरीज में क्या हुआ?
पहला मैचः स्पेन 81 रन से जीता
दूसरा मैचः बारिश के कारण मैच रद्द
तीसरा मैचः स्पेन आठ विकेट से जीता
चौथा मैचः स्पेन छह विकेट से जीता
पांचवां मैचः स्पेन सात विकेट से जीता
छठा मैचः स्पेन 10 विकेट से जीता