फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल: कप्तान तिलक वर्मा के शतक से साउथ जोन ने हासिल की बढ़त, श्रेयस गोपाल ने भी दिखाया दम

Mon, 31 Aug 2026 06:36 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

साउथ जोन ने दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन पर बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ जोन ने पहली पारी में नौ विकेट पर 285 रन बना लिए हैं। साउथ जोन के लिए कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाने में सफल रहे।
विज्ञापन
तिलक वर्मा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साउथ जोन ने बीसीसीआई सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 पर जारी दलीप ट्रॉफी 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक साउथ जोन ने 90 रन की बढ़त हासिल कर ली है। साउथ जोन का स्कोर स्टंप्स के समय नौ विकेट पर 285 रन है। फिलहाल क्रीज पर तिलक 225 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 106 रन और कावुरी साईतेजा खाता खोले बिना मौजूद हैं। 
विज्ञापन

खराब रही थी साउथ जोन की शुरुआत
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नॉर्थ जोन पहली पारी में सिर्फ 195 रन पर ढेर हो गई थी। साउथ जोन की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और इस टीम ने 80 रन तक अपने पांच विकेट खो दिए थे। यहां से तिलक वर्मा ने श्रेयस गोपाल के साथ छठे विकेट के लिए 334 गेंदों में 175 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 255 रन तक पहुंचाया। श्रेयस गोपाल छठे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने 11 चौकों के साथ 88 रन बनाए। तिलक शतक लगाने में सफल रहे और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वह नाबाद ही रहे। नॉर्थ जोन की ओर से गुरनूर बरार 70 रन देकर चार विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट चटकाए हैं।
विज्ञापन

तिलक वर्मा - फोटो : PTI
तिलक ने गोपाल के साथ निभाई साझेदारी
दक्षिण क्षेत्र ने दिन की शुरुआत 40 रन पर दो विकेट से आगे से की, लेकिन गुरनूर बरार ने पहले सत्र में तीन विकेट झटककर टीम का स्कोर पांच विकेट पर 80 रन कर दिया। बरार ने बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज एन जगदीशन (36) को बोल्ड करने के बाद आर स्मरण (27) और कोडिमेला हिमतेजा (शून्य) को पवेलियन की राह दिखाई। तिलक और गोपाल ने इसके बाद मोर्चा संभाला और नॉर्थ जोन के गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिए। गोपाल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए नियमित अंतराल पर चौके लगाए, जबकि तिलक ने संयम के साथ बल्लेबाजी की और अपना अर्धशतक पूरा किया।

अंशुल कंबोज (53 पर दो विकेट) की गेंद पर तिलक के खिलाफ पगबाधा की करीबी अपील को मैदानी अंपायर ने खारिज कर दिया, लेकिन दिन के अंतिम सत्र में अर्शदीप ने गोपाल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। गोपाल ने 169 गेंदों की पारी में 11 चौके लगाए। इसके बाद साउथ जोन ने जल्दी-जल्दी तीन और विकेट गंवा दिए। कंबोज ने तनय त्यागराजन को छह रन पर आउट किया। वहीं अर्शदीप ने विद्वथ कावेरप्पा का विकेट चटकाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें