अनुभवी ओपनर हाशिम अमला की शानदार नॉटआउट हाफ सेंचुरी और खासतौर पर मैन ऑफ द मैच लेफ्ट आर्म स्पिनर एरोन फानगिसो की धारदार गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को यहां ग्रुप एक के चौथे और आखिरी सुपर 10 मैच में आठ विकेट से हरा कर टी-20 क्रिकेट विश्व कप में सोमवार को अपना अभियान जीत के साथ खत्म किया।
दोनों ही टीमें सेमीफाइनल की होड़ से इस मैच से पहले ही बाहर हो चुकी थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम यह मैच जीत कर अपना सम्मान बचाने में कामयाब रही। दक्षिण अफ्रीका ने चार में से दो मच जीते और दो हारे। श्रीलंका की टीम चार मैचों में महज एक जीत अफगानिस्तान के खिलाफ ही हासिल कर पाई।
फिरोजशाह कोटला मैदान पर दर्शकों की अपने चहेते विस्फोटक बल्लेबाज की आतिशी बल्लेबाजी की हसरत भी पूरी हो गई। डिविलियर्स अपने कप्तान फॉफ डू प्लेसिस के आउट होने के बाद 14वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे और दो छक्के लगाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लेफ्ट आर्म स्पिनर एरोन फानगिसो (2/26) और मध्यम तेज तेज गेंदबाज काइल एबॉट (2/14) और फरहान बेहरादियन(2/15) की धारदार गेंदबाजी कर श्रीलंका को 19.3 ओवर में महज 120 रन पर ढेर कर दिया।
दासुन षणका एक चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर नॉटआउट रहे। इस मैच में कप्तानी कर रहे अनुभवी दिनेश चांदीमाल (21 रन,20 गेंद , एक छक्का दो चौके) और तिलकरत्न दिलशान (36रन,40 गेंद एक छक्का,चार चौके) को छोड़ कर श्रीलंका के बाकी बल्लेबाजों में विकेट पर टिकने की मंशा ही नहीं दिखी।
हाशिम अमला के नॉटआउट 56 रनों और कप्तान फॉफ प्लेसिस (31रन, 36 गेंद, 3 चौके) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 60 और तीसरे विकेट के लिए विस्फोटक एबी डिविलियर्स के साथ 47 रन असमाप्त की भागीदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 17.4 ओवर में दो विकेट खोकर 122 रन बनाकर मैच जीत लिया।