शबनिम इस्माइल (5 विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने रविवार को तीसरे टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया को 5 विकेट से मात देकर सीरीज का रोमांच बरकरार रखा है। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में अंतर 1-2 कर लिया है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने सीरीज के पहले दो टी20 इंटरनेशनल जीते थे।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मेजबान टीम का फैसला एकदम सही साबित हुआ क्योंकि उसने टीम इंडिया को 17।5 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट कर दिया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने एक ओवर शेष रहते पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाने में कप्तान डेन वेन निएकर्क (26), सुन लूस (41), मिग्नोन डू प्रीज (20) और क्लोए ट्रायोन (34) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम इंडिया की तरफ से तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकार ने दो जबकि राजेश्वरी गायकवाड़, अनुजा पाटिल और पूनम यादव ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले टीम इंडिया की शुरुआत भी बेहद खराब रही। 'रन मशीन' मिताली राज बिना खाता खोले केप की शिकार बनी। इसके बाद स्मृति मंधाना (37) और हरमनप्रीत कौर (48) ने दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को शुरुआती झटके से उबारा।
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान निएकर्क ने मंधाना को डेनियल्स के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। कौर भी अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गई। इस्माइल ने उन्हें ली के हाथों कैच आउट कराया। टीम इंडिया की कप्तान ने 30 गेंदों में 6 चौको और दो छक्को की मदद से 48 रन बनाए।
इसके बाद टीम इंडिया ने 9 रन के अंतराल में पांच विकेट गंवा दिए। अनुभवी महिला बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति (23) ने कुछ देर अफ्रीकी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से इस्माइल ने पांच जबकि क्लास ने दो विकेट झटके। केप, डेनियल्स, निएकर्क ने एक-एक विकेट लिया।