धनंजय डि सिल्वा और दिनेश चांदीमल के शानदार अर्धशकीय पारियों के दम पर श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने छह विकेट के नुकसान पर 340 रन बना लिए हैं। दनुष शनाका 25 और कसुन रजीथा 7 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (22) पदार्पण कर रहे लुथो सिपाम्ला के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और चार चौके लगाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद डि सिल्वा (79 रन पर रिटायर्ड हर्ट) और चांदीमल (85) की जोड़ी ने 131 रन की शतकीय साझेदारी कर टीम के स्कोर को आगे पहुंचाया।
डि सिल्वा ने अपनी पारी में 11 चौके के साथ एक छक्का भी लगाया। चाय के विश्राम से लगभग आधे घंटे पहले तेजी से रन चुराने की कोशिश में उनके बायें कूल्हे में तेज दर्द उठ गया। इसके बाद उन्हें मेडिकल गोल्फ कार्ट पर बैठाकर मैदान से बाहर ले जाया गया।
वहीं, निरोशन डिवेला अपने अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 49 रनों का योगदान दिया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की तरफ से वियान मुल्दर ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। बता दें कि टेस्ट कप्तान के तौर पर क्विंटन डिकॉक का यह पहला मैच है।