दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट (ग्रेड-3 टियर) लगी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 31 वर्षीय रबाडा को अब करीब दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। इस चोट की वजह से उनका फिटनेस और ट्रेनिंग कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है, जो टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
रबाडा की घरेलू टीम 'लायंस' के गेंदबाजी कोच साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने कहा कि मेडिकल जांच के बाद उन्हें इस हाई-प्रोफाइल सीरीज से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। पहले उम्मीद थी कि वह 10 सितंबर से बोलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले शुरुआती चार-दिवसीय घरेलू मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। डोनाल्ड ने बताया, वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी टेस्ट मैचों से भी बाहर रहेंगे।
दोनों टीमों के बीच होने हैं तीन टेस्ट
दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी करनी है, जिसकी शुरुआत नौ अक्तूबर को डरबन में होगी। इसके बाद गकेबेरहा और केपटाउन में मैच खेले जाएंगे, जो क्रमशः 18 और 27 अक्तूबर से शुरू होंगे। टेस्ट मैचों से पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी, जिसकी शुरुआत 24 सितंबर को डरबन के किंग्समीड में होगी। हालांकि, रबाडा की अनुपस्थिति से दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी अटैक में एक बड़ी कमी आ जाएगी। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 73 टेस्ट मैचों में 340 विकेट लिए हैं और लॉर्ड्स में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने मैच में 110 रन देकर नौ विकेट चटकाए थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार है रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ रबाडा का टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 11 मैचों में 21.39 की औसत से 58 विकेट लिए हैं। प्रोटियाज टीम तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर की रिकवरी पर भी नजर रख रही है, जो अभी अपनी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबर रहे हैं। चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती सूची के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी में विकल्पों की मौजूदगी उनकी मदद कर सकती है। तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जे ने हाल ही में बांग्लादेश ए के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ए के लिए 60 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। वहीं, क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश टेस्ट टीम में चुने जाने की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम अभी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की मौजूदा स्टैंडिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर है।