दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 21 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया। इस टीम में डेरिन डुपाविलन और ओटनियेल बार्टमैन जैसे नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा और हरफनमौला ड्वेन प्रिटोरियस की भी टीम में वापसी हुई है। ये दोनों चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेले थे।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीकी टीम 14 साल में पहली बार पाकिस्तान का दौरा कर रही है। 2007 के बाद यह पहली बार होगा कि दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान का दौरा करेगी। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका की टीम 16 जनवरी को कराची पहुंचेगी और 26 जनवरी से नेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले क्वारंटीन रहेगी। यह टेस्ट सीरीज आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा होगी, जिसका दूसरा टेस्ट चार फरवरी से रावलपिंडी में शुरू होगा। इसके बाद लाहौर में तीन मैचों टी-20 सीरीज भी खेली जाएगा।
गौरतलब है कि जब पिछले साल दिसंबर में इस दौरे का एलान हुआ था तब क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के निदेशक ग्रीम स्मिथ ने कहा था, यह देखना संतोषजनक है कि कई देश पाकिस्तान लौट रहे हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका उन देशों में गिने जाने से खुश है. मैंने एक बार से ज्यादा पाकिस्तान का दौरा किया है और मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि पाकिस्तान के लोग क्रिकेट को लेकर कितने जुनूनी हैं।
दक्षिण अफ्रीका टेस्ट टीम:
क्विंटन डीकॉक (कप्तान), टेम्बा बावुमा, एडेन मार्करम, फाफ डुप्लेसिस, डीन एल्गर, कागिसो रबाडा, ड्वाइन प्रीटोरियस, केशव महाराज, लुंगी एन्गिडी, रस्सी वैन डेर डूसन, एनरिच नॉर्टजे, वियन मूलर, बेउर हेंड्रिक्स, काइल वेरिन, सेरेल इरवे, कीगन पीटरसेन, लूथो सिपामला, तबरेज शम्सी, जॉर्ज लिंडे, डेरिन डुपाविलन,
ओटनियेल बार्टमैन
।