लीजेंड लीग क्रिकेट के दूसरे सीजन में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इससे इस लीग का रोमांच और बढ़ने वाला है। टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया है कि दूसरे सीजन में जैक्स कैलिस और डेल स्टेन जैसे दिग्गज खेलते नजर आएंगे। कैलिस दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर माने जाते हैं और मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके शामिल होने से लीग का रोमांच और क्रिकेट स्तर दोनों कई गुना बढ़ जाएगा।
कैलिस एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिन्होंने वनडे और टेस्ट क्रिकेट दोनों फॉर्मेट में 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं और 250 से ज्यादा विकेट भी लिए हैं। उन्होंने इस सीजन में अपने शामिल होने की पुष्टि करते हुए कहा "लीजेंड लीग क्रिकेट लीग का हिस्सा होना और दूसरे सीजन में खेलना खास अनुभूति देता है। मैं बाकी दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने को लेकर आगे देख रहा हूं।"
दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने कहा "जो खिलाड़ी खेल रहे हैं उनकी लिस्ट शानदार है। हमें काफी मजा आने वाला है।"
लीजेंड लीग क्रिकेट के सह संस्थापक और सीईओ रमन रहेजा ने कहा "कैलिस और स्टेन जैसे दिग्गज खिलाड़ी मैच में रोमांच और आक्रामकता बढ़ाएंगे। अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। हम दिग्गजों के परिवार में उनका स्वागत करते हैं और क्रिकेट के मैदान में उनके खेल का जादू देखने और उससे आनंदित होने की उम्मीद करते हैं।"
इस साल लीजेंड लीग में दिखेंगे ये दिग्गज
इससे पहले ऑइन मॉर्गन, वीरेन्द्र सहवाग, हरभजन सिंह, इरफान पठान, यूसुफ पठान, मिशेल जॉनसन, मुथैया मुरलीधरन, मोंटी पनेसर, ब्रेट ली और शेन वॉटसन जैसे खिलाड़ी इस लीग में खेलने की पुष्टि कर चुके हैं। बांग्लादेश के मशरफे मुर्तजा भी इल लीग का हिस्सा होंगे।
लीजेंड लीग क्रिकेट के पहले सीजन में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिन्हें अलग-अलग टीमों में रखा गया था। ये तीन टीमें भारत, एशिया और दुनिया के बाकी खिलाड़ियों की थी।