दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी आगामी घरेलू वनडे सीरीज के लिए एक मजबूत टीम का एलान कर दिया है जिसकी कमान नियमित कप्तान तेम्बा बावुमा संभालेंगे। इस टीम में अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और क्विंटन डिकॉक को भी शामिल किया गया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि दोनों खिलाड़ी 2027 के वनडे विश्व कप की योजनाओं में बने हुए हैं। फिलहाल इन दोनों खिलाड़ियों के पास केंद्रीय अनुबंध नहीं है, लेकिन दोनों ने इस साल का टी20 विश्व कप खेला था और दुनिया भर की टी20 लीग में सक्रिय रूप से खेल रहे हैं।
कोएट्जे को मिला मौका
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में गेराल्ड कोएट्जे को वनडे टीम में वापस बुलाया गया है। 2023 विश्व कप के बाद से कोएट्जे ने दक्षिण अफ्रीका के लिए कोई वनडे मैच नहीं खेला है। पिछले तीन वर्षों में वह लगातार चोटों से जूझते रहे हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए की ओर से खेलते हुए क्रिकेट के मैदान पर वापसी की है।
मुख्य कोच शुक्री कोनराड ने एक बयान में कहा कि गेराल्ड की टीम में वापसी से वह बेहद खुश हैं और वह अपनी पुरानी लय में तेज गेंदबाजी कर रहे हैं। कोच ने आगे कहा कि विश्व कप में अभी थोड़ा समय बाकी है और यह सीरीज टीम के संयोजन को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। बल्लेबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य एक ऐसा मध्यक्रम तैयार करना है जो विस्फोटक होने के साथ-साथ दबाव झेल सके और पारी को गहराई दे सके।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीम:
तेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनिएल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, गेराल्ड कोएत्जे, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जॉर्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, मार्को यानसेन, केशव महाराज, क्वेना माफाका, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, रेयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स।