डेल स्टेन की घातक गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को तीन मैचों की वन-डे सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही प्रोटियाज टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार को एडिलेड में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। डेल स्टेन के नेतृत्व में प्रोटियाज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और महज 38.1 ओवर में कंगारूओं को 152 रन पर ऑलआउट कर दिया। मेजबान टीम की तरफ से नाथन कोल्टर नाइल ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एंडिल फेलुकवायो ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। डेल स्टेन, लुंगी एनगिडी और इमरान ताहिर को दो-दो सफलता मिली।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 124 गेंदें शेष रहते चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मेहमान टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाजों क्विंटन डी कॉक (47), रीजा हेंड्रिक्स (44) और एडेन मार्कराम (36) ने उम्दा पारी खेली और दक्षिण अफ्रीका की जीत तय कर दी। कप्तान फाफ डु प्लेसी और डेविड मिलर ने प्रोटियाज टीम की जीत पर मुहर लगाई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अनुभवी डेल स्टेन ने बिगाड़ी। उन्होंने ट्रेविस हेड (1) और डार्सी शॉर्ट को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेजा। कंगारू टीम इन झटकों से कभी उबर नहीं पाई और नियमित अंतराल में विकेट गंवाती रही। स्टेन ने 7 ओवर में एक मेडन सहित 18 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।