बीसीसीआई प्रमुख और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की गुरुवार को दूसरी बार एंजियोप्लास्टी की गई। मशहूर हृदयरोग विशेषज्ञ देवी शेट्टी ने गांगुली के तमाम परीक्षण और अस्पताल के चिकित्सकों के साथ परामर्श करने के बाद एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान की धमनियों के अवरोध को हटाने के लिए दो स्टेंट डाले गए। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद हमने एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया।'
गौरतलब है कि गांगुली को बुधवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनके कई परीक्षण किए गए। गांगुली ने तीन सप्ताह पहले अपने आवास पर व्यायाम करते समय सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद जांच से पता चला कि उनकी धमनियों में तीन अवरोध हैं, जिनके लिए स्टेंट लगाए गए थे।
डॉक्टर ने कहा, गांगुली को कल रात अच्छी नींद आई। उन्होंने सुबह हल्का नाश्ता किया। परिवार के सूत्र के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुबह गांगुली को फोन करके उनका हालचाल पूछा । माकपा के वरिष्ठ नेता अशोक भट्टाचार्य भी अस्पताल पहुंचे थे। बता दें कि एक महीने में दूसरी बार है जब गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत हुई है और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।