भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के पहले ही दिन रोहित शर्मा को लेकर निराशा व्यक्त की है। इस मैच की शुरुआत में भारत एक अच्छी स्थिति में था और पहला सत्र खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 73 रन था। हालांकि, ट्रेविस हेड के आक्रामक शतक ने भारत को बैकफुट में ढकेल दिया। स्टीव स्मिथ ने भी ट्रेविस हेड का अच्छा साथ दिया। गांगुली का कहना है कि रोहित ने खराब फील्ड प्लेसमेंट के चलते ऑस्ट्रेलिया को आसानी से रन बनाने का मौका दिया।
गांगुली ने कहा- भारत काफी निराश होगा, एक समय पर ऑस्ट्रेलिया के 76 रन पर तीन विकेट थे। मैं समझता हूं क्रिकेट में साझेदारियां होती हैं। टीम वापसी करते हुए अच्छा खेल दिखाती है। मुझे लगा भारत ने लंच के बाद अच्छी शुरुआत की लेकिन, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा तो भारत ने मैच पर नियंत्रण खो दिया।
गांगुली ने कहा "मुझे लगता है भारत ने ट्रेविस हेड को काफी आसानी से रन बनाने दिए। मैं जानता हूं वह अच्छी फॉर्म में हैं और रन बना रहे हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया तीन विकेट के नुकसान पर 76 रन पर था। मुझे लगता है रोहित शर्मा ने अपनी फील्ड प्लेसमेंट में उस दौरान कुछ गलतियां की, जिसने ऑस्ट्रेलिया को रन बनाने का मौका दिया और अब वह एक अच्छी स्थिति में हैं।"
स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की जोड़ी चौथे विकेट के लिए 251 रन की साझेदारी कर चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन लंच तक 73 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया मैच पर अपनी पकड़ बनाने में कामयाब रहा। ट्रेविस हेड 156 गेंदों में 146 रन और स्टीव स्मिथ 227 गेंदों में 95 रन बनाकर नाबाद हैं। ओवल में खेले जा रहे मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवाकर 327 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। हालांकि, गेंदबाज उनके फैसले को सही नहीं साबित कर पाए।